सोफिया फिरदौस समेत तीनों विधायक निलंबित

ओड़िशा में क्रॉस वोटिंग करने वाले तीन विधायकों पर कांग्रेस पार्टी ने सख्त रुख अपनाया है और तीनों को निलंबित कर दिया गया है. पार्टी इन विधायकों को निष्कासित करने पर भी विचार कर रही है. ओड़िशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने तीनों विद्यायकों के क्रॉस वोटिंग करने पर हैरानी जताई और कहा कि उन्हें इसकी बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी.

नई दिल्ली/ भुवनेश्वर, 17 मार्च 2026. राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कांग्रेस पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया है. 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन विधायकों रमेश जेना, दशरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस ने भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप राय को वोट दिया था, जिसके चलते कांग्रेस और बीजद के संयुक्त प्रत्याशी को पराजित होना पड़ा.

पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है

कांग्रेस ने तीनों बागी विधायकों को निलंबित करते हुए कहा कि इन विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक व्हिप का उल्लंघन किया है, जो पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है.

पार्टी सूत्रों ने संकेत दिए हैं कि तीनों विधायकों पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है और इन्हें पार्टी से भी निष्कासित करने पर विचार किया जा सकता है. कांग्रेस मीडिया सेल के अध्यक्ष अरविंद दास ने बताया कि मामले की समीक्षा की जा रही है.

विधानसभा में कांग्रेस विधायकों के साथ नहीं बैठेंगे तीनों विधायक
ओड़िशा कांग्रेस के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी इसकी जानकारी दे दी गई है. भक्त चरण दास ने विधायकों के क्रॉस वोटिंग करने पर हैरानी जताई और कहा उन्हें इसकी जरा भी उम्मीद नहीं थी. भक्त चरण दास ने कहा कि बागी विधायकों को विधानसभा में पार्टी के अन्य विधायकों के साथ बैठने की इजाजत नहीं होगी.

भाजपा के 2 और 1 भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी को मिली जीत
ओड़िशा में राज्यसभा की 4 सीटों के लिए कुल 5 प्रत्याशी मैदान में थे . बीजेपी के मनमोहन सामल, सुजीत कुमार प्रत्याशी थे. जबकि बीजू जनता दल के संतृप्त मिश्रा प्रत्याशी थे और डॉ. दतेश्वर होता बीजू जनता दल और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार थे वहीं निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप राय को भाजपा समर्थन दिया हुआ था और कांग्रेस के तीनों विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा समर्थित उम्मीदवार दिलीप राय को जीता दिया. इसी पर उठ रहा है सवाल.