मर्डर का आरोपी दरोगा ‘ वीर पशुपतिनाथ मेडल ‘ से वंचित, तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
मुजफ्फरपुर में हत्या के आरोपी निलंबित दरोगा राजा सिंह को ‘ वीर पशुपतिनाथ मेडल ‘ सम्मानित करने की घोषणा की गई थी. इस घोषणा के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं. यह सम्मान समारोह 9 अप्रैल को वैशाली जिले के बालिगांव थाना क्षेत्र में आयोजित होना था.
पटना/ मुजफ्फरपुर, 26 मार्च 2026. दरोगा राजा सिंह पर मुजफ्फरपुर के गायघाट में किसान जगत राय की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. बताया जाता है कि जगत राय का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था. आरोप है कि दरोगा ने नशे की हालत में जबरन जगत राय के घर में घुसकर उस पर गोली चला दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई .
” माफिया खुद को मुजफ्फरपुर का मुख्यमंत्री बताता है.”
घटना के बाद से दरोगा राजा सिंह फरार है . स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह मुजफ्फरपुर के एक शराब माफिया के घर में छिपा हुआ है . लोगों का यह भी कहना है कि यह माफिया खुद को मुजफ्फरपुर का मुख्यमंत्री बताता है और दरोगा को अपनी जाति का बताकर बचाने की कोशिश कर रहा है. तेजस्वी यादव ने इस घटना को ‘ अप्रत्याशित, आपत्तिजनक और घोर निंदनीय ‘ बताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री हत्यारे पुलिस अधिकारी को सजा देने के बजाय मेडल दे रहे हैं . राजद नेता ने बिहार पुलिस पर अपराधियों और शराब माफियाओं का संरक्षक होने का भी आरोप लगाया.
स्थानीय जनता और राजद ने दोषी दरोगा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की
इस घटना से मुजफ्फरपुर जिले में व्यापक आक्रोश है. स्थानीय जनता और राजद ने दोषी दरोगा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तो जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी. राजद ने स्वर्गीय जगत राय को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया है. हालांकि, आरोपी दरोगा राजा सिंह को ‘ वीर पशुपतिनाथ मेडल ‘ प्रशस्ति पत्र से वंचित कर दिया गया है.