सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस की ट्रक से टक्कर, 10 की मौत, 41 घायल

छिंदवाड़ा, 26 मार्च 2026. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस हादसे का शिकार हो गई. छिंदवाड़ा एसपी ने हादसे में 10 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है, मृतकों में 6 पुरुष 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है. बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है, हादसे में 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं. सेमरिया हनुमान मंदिर मोहखेड़ के पास यह हादसा हुआ . बस में सवार सभी लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी बस की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बस पलट गई और चीख पुकार मच गई. घटना का पता चलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया .

20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लगा लंबा जाम
बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए . 20 से ज्यादा एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाया गया. इस हादसे के बाद सड़क पर 4 से 5 किमी लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाकर यातायात सुचारू रूप से शुरू कराया .जो बस हादसे का शिकार हुई है वो भंडारकुंड करेर की बताई जा रही है. जानकारी मिली है कि हादसे में एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया और कई के सिर फूट गए हैं .

शाम करीब 6:30 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे उमरानाला इलाके में हुआ. यह बस छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी. बस छिंदवाड़ा के पुलिस ग्राउंड में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से वापस लौट रही थी. इस हितग्राही सम्मेलन में राज्य के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल हुए थे. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, सहायता राशि का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे की जानकारी मिलने पर दुख जताया है और कहा है कि आज शाम छिंदवाड़ा– नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक है. प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं . ईश्वर सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें. घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना है. जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए गए हैं. छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को भी छिंदवाड़ा पहुंचने के लिए निर्देशित किया गया है. जबकि मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि, एवं गंभीर घायलों को 1 –1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी . वहीं, सभी घायलों का इलाज निशुल्क किया जाएगा.