कई बार मौत के मुंह से लौटी हूं…

समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान पर प्रतिक्रिया दी है. ममता ने एक चुनावी रैली में कहा कि वह कई बार मौत के मुंह से वापस लौटी है. ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि जो लोग कहते हैं कि वह चुनाव के समय पट्टी बांधकर घूमती हैं, वो डॉक्टर की रिपोर्ट देख लें.

कोलकाता, 30 मार्च 2026. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर कड़ी प्रक्रिया दी, जिसमें उन्होंने 2021 विधानसभा चुनाव के दौरान लगी उनकी चोट को लेकर टिप्पणी की थी. ममता बनर्जी ने कहा कि वे उनकी मेडिकल रिपोर्ट देख लें, जिसमें उनकी चोट की गंभीरता साफ दर्ज है. दरअसल, अमित शाह ने टीएमसी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करते हुए ममता बनर्जी पर ” हमेशा पीड़ित होने की राजनीति ” करने का आरोप लगाया था. गृह मंत्री ने कहा था कि कभी वह अपनी चोट की बात करती हैं, तो कभी चुनाव आयोग को कोसती हैं, लेकिन अब बंगाल की जनता उनकी विक्टिम कार्ड वाली राजनीति को समझ चुकी है. इस पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने एक चुनावी रैली के दौरान कहा,’ वे कहते हैं कि मैं चुनाव के समय पट्टी बांधकर घूमती हूं. मैं कई बार मौत के मुंह से वापस लौटी हूं . जाकर डॉक्टर की रिपोर्ट देखिए.’ ममता ने सवाल उठाते हुए कहा, ” क्या आपने 2021 के चुनाव में जानबूझकर मेरे पैर को चोट पहुंचाई थी? मैंने व्हीलचेयर पर बैठकर प्रचार किया. क्या आप मुझे करने की योजना बना रहे हैं ? ” ममता बनर्जी ने उनकी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अपने ” पुराने कर्मों ” के लिए चार्जशीट जारी करना चाहिए, हालांकि उन्होंने इस दौरान अमित शाह का नाम नहीं लिया . अपनी संबोधन में ममता बनर्जी ने राज्य की विकास योजनाओं का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो महिलाओं के लिए चलाई जा रही ” लक्ष्मी भंडार” योजना को बंद कर दिया जाएगा और लोगों के खानपान संबंधी प्राथमिकताओं पर भी पाबंदियां लगाई जाएगी.