राष्ट्रवादी कांग्रेस में पोस्टर पॉलिटिक्स… बैनर से गायब हुई अजीत पवार की फोटो, मंत्री आदिति ने मांगी माफी

समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
महाराष्ट्र के रायगड में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कार्यक्रम के दौरान बैनर से अजीत पवार और सुनेत्रा पवार की तस्वीर गायब होने पर विवाद खड़ा हो गया . इस मुद्दे पर मंत्री आदिति तटकरे ने माफी मांगते हुए कहा कि दोनों नेताओं का उनके दिल में विशेष जगह है+ मुंबई, 30 मार्च 2026. महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( एनसीपी ) के भीतर एक विवाद खड़ा हो गया है. मामला है एक बैनर से अजीत पवार की फोटो गायब होने का. बात इतनी बढ़ी कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की मंत्री अदिति तटकरे को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी. 27 मार्च को महाराष्ट्र के रायगड जिले के इंदापुर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. यह जिला परिषद और पंचायत समिति के नव निर्वाचित सदस्यों के सम्मान में था. कार्यक्रम में अदिति तटकरे के पिता और एनसीपी के राज्य अध्यक्ष सुनील तटकरे भी शामिल हुए. मंच पर लगे बैनर में सुनील तटकरे, आदिति तटकरे और उनके भाई अनिकेत तटकरे की फोटो तो थी लेकिन पार्टी के सबसे बड़े नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री रहे अजीत पवार और उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार की कोई फोटो नहीं थी.
विपक्ष ने उठाया मुद्दा
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी( एसपी), के दो विधायकों ने इस पर तुरंत सवाल उठाए. रोहित पवार ने इस मामले को जोर शोर से उठाया और यह भी आरोप लगाया कि सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल मिलकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कमान सुनेत्रा पवार से छीनने की कोशिश में लगे हैं.
माफी तो मांगी लेकिन…
मामला बढ़ता देख आदिति तटकरे ने बयान जारी करते हुए कहा कि दिवंगत अजीत पवार और मैडम सुनेत्रा पवार की फोटो बैनर में नहीं होने के लिए वे माफी मांगती हैं. उन्होंने कहा कि दोनों उनके दिल में हमेशा विशेष जगह रखते हैं. लेकिन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने रोहित पवार के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
उन्होंने इसे ” मगरमच्छ के आंसू ” बताया और कहा कि रोहित पवार को दूसरों की चिंता छोड़कर पहले अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए. एक बैनर की छोटी सी चूक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को एक बार फिर सतह पर ले आई है और यह स्पष्ट दिखाती है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है.