केवल आरएसएस को ही विदेशी फंड मिलेगा

देश के पांच प्रदेशों में अप्रैल में चुनाव है. सभी राज्यों में पार्टियों की जनसभा, रैली और उम्मीदवारों का जनसंपर्क जारी है . लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को केरल दौरे पर पहुंचे

तिरुवनंतपुरम / कोलकाता/ गुवाहाटी/ चेन्नई, 31 मार्च 2026 . राहुल गांधी केरल के कोट्टायम और कोच्चि में कहा — विदेशी अंशदान ( विनियमन ) अधिनियम( एफसीआरए ) में संशोधन लाया जाना है. यह गंभीर बात है, क्योंकि इसके तहत केवल स्वयंसेवक संघ ही विदेशी फंड प्राप्त कर सकेगा, जबकि अन्य संगठनों पर रोक लगा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक संघ में ऐसी क्या खास बात है कि उनके लिए अलग नियम है? वे नफरत फैलाते हैं और लोगों को बांटते हैं. भाजपा इसी तरह काम करती है. इससे पहले पतनमतिट्टा में राहुल गांधी ने कहा था कि नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में है. ठीक इसी तरह, नरेंद्र मोदी आपके मुख्यमंत्री को भी अपने इशारों पर नचाते हैं. जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेल्दा में चुनावी सभा में कहा — भाजपा समाज के सभी वर्गों के बीच झगड़ा भड़का रही है . चुनाव के बाद गैस और कैश देना बंद कर देगी. भाजपा देश लूटना चाहती है .

चुनाव से जुड़े बड़े अपडेट्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में बीजेपी कार्यकर्ताओं से नमो एप के जरिए ऑनलाइन चर्चा की.

केरल में घर से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है. जो लोग वोट डालने जाने में असमर्थ हैं, उनसे पोस्टल बैलेट
के जरिए वोटिंग कराई जा रही है.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को चेन्नई के कोलाथुर सीट से नामांकन दाखिल किया. जबकि टीवीके प्रमुख विजय ने पेरम्बुर सीट से नामांकन दाखिल किया. भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल में चुनाव को हाईजैक कर रही है . ममता बनर्जी घर-घर जाकर मतदाताओं को धमका रही है.

अधीर रंजन बोले — इस बार मुझे लोगों का समर्थन मिलेगा + ऐसा कभी नहीं हुआ कि बहरामपुर के लोगों ने मुझ पर भरोसा ना किया हो. पिछले लोकसभा चुनावों में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के कारण मुझे उतने वोट नहीं मिले जितने मिलने चाहिए थे. इसलिए मैं हारा. बाद में यहां के लोगों को इसका पछतावा हुआ . इस बार मुझे चुनावों में समर्थन मिलेगा.

उदय निधि स्टालिन ने किया रोड शो

तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और डीएमके युवा विंग के सचिव उदय निधि स्टाइलिश ने कांचीपुरम में चुनावी प्रचार किया.

यूडीएफ ने सीपीएम पर हमला करने का लगाया आरोप

केरल के कन्नूर में यूडीएफ ने आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने तालिपरम्बा में चुनावी प्रचार के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी टी. के. गोविंदन के गाड़ी पर हमला किया. वहीं धर्मदम में यूडीएफ प्रत्याशी बीपी अब्दुल रशिद पर हमला करने की कोशिश की .

प्रियंका बोली— केरल की जनता सब जानती है
कांग्रेस सांसद जनता गांधी ने कहा– केरल की जनता जमीनी सच्चाई अच्छी तरह जानती है. किसी भी बयान से हकीकत नहीं बदलेगी. प्रियंका ने कहा, पूरा केरल जानता है कि असली गठबंधन किसके बीच है. प्रधानमंत्री कुछ भी कहें, सच सबको पता है .

गोगोई बोले — असम में 10 साल से डबल इंजन की सरकार, फिर भी घुसपैठ क्यों ?

असम के दक्षिण सलमारा — मनकाचार पहुंचे असम कांग्रेस अध्यक्ष और जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी गौरव गोगोई ने कहा — पिछले 10 सालों से असम में कांग्रेस सत्ता से बाहर है. यहां ‘ डबल इंजन’ की सरकार चल रही है. लेकिन फिर भी घुसपैठ क्यों हो रही है? सीमा पार से मवेशियों की तस्करी अभी भी क्यों हो रही है? यहां नशीले पदार्थों और सुपारी का सिंडिकेट अभी भी कैसे चल रहा है? हम जानना चाहते हैं कि राज्य सरकार इन मामलों पर क्या कदम उठाएगी .

डीएमके प्रवक्ता बोले — भाजपा हिंदू समर्थक पार्टी
डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलनगोवन ने कहा है कि तमिलनाडु की लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां जो समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है, वे सभी हमारा समर्थन कर रही है. बीजेपी एक हिंदू समर्थक पार्टी है, जो तमिल लोगों की इच्छाओं और उनकी परंपराओं के खिलाफ है.

सुप्रिया बोली— हिमंता सरकार भ्रष्टाचार में दबी है
असम के गुवाहाटी पहुंची कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा— हमें पूरा भरोसा है कि असम में हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहेगा. उन्होंने कहा कि असम के लोगों को यहां से पलायन करना पड़ रहा है. अबकी बार जनता उन्हें सत्ता से बाहर कर देगी .