एनडीए नेता को क्यों खल रही तेजस्वी की अंग्रेजी ? केरल की सियासी लहर सीधे पहुंच रही बिहार
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट

राजद नेता तेजस्वी यादव इन दिनों केरल में एलडीएफ प्रत्याशियों के पक्ष में धुआंधार अंग्रेजी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं. बिहार को ‘ देश का सबसे गरीब राज्य’ बताने वाले उनके बयान पर बिहार बीजेपी और जेडीयू ने तीखा हमला बोला है, जिससे उत्तर से दक्षिण तक सियासी पारा चढ़ गया है.
पटना/ तिरुवनंतपुरम, 2 अप्रेल 2026. केरल की सियासी तपिश बिहार पहुंचने लगी है. बिहार एनडीए नेताओं को सबसे अधिक तेजस्वी का धुआंधार अंग्रेजी बोलना खल रहा है . दरअसल, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव अपने पांच दिवसीय केरल दौरे पर हैं . केरल के चुनावी मैदान में तेजस्वी न केवल अपनी पार्टी के तीन प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं, बल्कि वामपंथी मोर्चे ( एलडीएफ ) के पक्ष में अंग्रेजी में असरदार भाषण देकर विरोधियों को चौंका भी रहे हैं. एक तरफ जहां उनके समर्थक इन वीडियो को सोशल मीडिया पर ‘आत्मविश्वास का प्रतीक’ बताकर साझा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बिहार में उनके एक बयान ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. तेजस्वी यादव ने केरल की तुलना में बिहार को देश का सबसे गरीब प्रदेश बताया, जिस पर जेडीयू ने पलटवार करते हुए 14 करोड़ बिहार वासियों का अपमान करार दिया है.
केरल में तेजस्वी यादव का ‘ इंग्लिश अवतार’
प्रशांत किशोर जैसे आलोचक अक्सर तेजस्वी यादव को ‘9 वीं फेल ‘ कहकर तंज कसते रहे हैं, लेकिन केरल के मंचों से उनकी धाराप्रवाह अंग्रेजी ने इस छवि को चुनौती दी है. तेजस्वी वहां सीपीएम और सीपीआई के दिग्गजों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार कर रहे हैं. उनके भाषणों के वीडियो को राजद ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर भी शेयर किया है. जिसमें वे दक्षिण भारतीय वोटरों से जुड़ने के लिए अंग्रेजी का सहारा ले रहे हैं.
बिहार में कांग्रेस के साथ, केरल में खिलाफ
बिहार में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाली आरजेडी का केरल में रुख बिल्कुल जुदा है . यहां तेजस्वी यादव कांग्रेस और प्रियंका गांधी के खिलाफ एलडीएफ प्रत्याशियों के लिए पसीना बहा रहे हैं. विशेष तौर से वायनाड की कालपेट्टा सीट पर आरजेडी प्रत्याशी पीके अनिल का मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक टी. सिद्दीकी से है . बिहार की हार में कांग्रेस की भूमिका पर उठते सवालों के बीच तेजस्वी यादव का चुनाव प्रचार चौकाने वाला है.
बिहार गरीबी राज्य वाले बयान पर सियासी घमासान
तेजस्वी यादव केरल के कोझिकोड में मीडिया से बातचीत में कहा,’ वे एक ऐसे प्रदेश ( बिहार) से आते हैं जो देश में सबसे गरीब है, जबकि केरल प्रदेश स्वास्थ्य और शिक्षा में शिखर पर है.’ उन्होंने बिहार को केरल से सीखने की सलाह दी. इस बयान पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा,’ तेजस्वी यादव को बिहार को गरीब कहने से पहले अपने माता-पिता( लालू प्रसाद– राबड़ी ) के शासनकाल को याद रखना चाहिए, जिन्होंने खजाना लूटा.’
सार्वजनिक माफी मांगे तेजस्वी — उमेश कुशवाहा
बिहार को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए जेडीयू ने तेजस्वी यादव से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है. उमेश कुशवाहा ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव उन दक्षिण भारतीय दलों ( डीएमके और अन्य) के साथ खड़े होते हैं जो अक्सर बिहारियों का अपमान करते हैं. जदयू का तर्क है कि प्रदेश की छवि को वैश्विक स्तर पर खराब करना तेजस्वी यादव की राजनीतिक अपरिपक्वता को दिखाता है.
एलडीएफ गठबंधन में राजद की 3 सीटें
केरल में राजद महज औपचारिकता के लिए नहीं बल्कि पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है. एलडीएफ ने गठबंधन के तहत आरजेडी को 3 सीटें वडाकारा, कुत्थुपरंबा और कालपेट्टा दी है. तेजस्वी इन सीटों पर एमके भास्करन, पीके प्रवीण और पीके अनिल को जिताने की अपील कर रहे हैं. 2021 के चुनावों में भी राजद के एक नेता ने यहां से जीत दर्ज की थी .
केरल सीएम पिनाराई विजयन ने जताया आभार
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने तेजस्वी यादव का गर्म जोशी से स्वागत किया और उनके प्रचार के लिए आभार व्यक्त किया. विजयन ने कहा, ‘ देश के धर्मनिरपेक्ष ताने बाने को बचाने की इस लड़ाई में तेजस्वी जैसे युवा नेता के आने से वामपंथी मोर्चे को नई मजबूती मिली है.’ तेजस्वी ने भी विजयन सरकार के 10 साल के विकास कार्यों की जमकर तारीफ की.