सख्त कार्रवाई

समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार इलाके में नगर नियोजन विभाग द्वारा अतिक्रमण और अनियमितता के विरुद्ध बड़ा अभियान चलाया गया. एआईएमआईएम के विधान पार्षद मिर्जा रहमत बेग ने मौके का जायजा लिया. इस दौरान यहां के कई इलाकों में अवैध निर्माण हटाए गए और व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम उठाए गए.

हैदराबाद, 6 अप्रैल 2026. हैदराबाद के चारमीनार इलाके में टाउन प्लानिंग ऑफिसर सरिता के नेतृत्व में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसके तहत यहां के पत्थरगट्टी, मुर्गी चौक और मदीना इलाके में मौजूद अवैध निर्माण को हटाया गया. दरअसल, यह अभियान शहर के पुराने और व्यस्त इलाकों में यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आरंभ किया गया है .

कई अस्थाई ढांचों एवं स्टॉल्स को हटा दिया गया
अधिकारियों ने बताया कि इन इलाकों में लंबे समय से अनाधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के चलते सड़क किनारे फैली और अव्यवस्था के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था . इसी को देखते हुए विशेष अभियान के तहत कई अस्थाई ढांचो और अतिक्रमण कर लगाए गए स्टॉल्स को हटा दिया गया, जिससे सड़कों पर जगह खाली हुई और आवागमन सुगम बन गया.

एआईएमआईएम के विधान पार्षद मिर्जा बेग रहे मौजूद
इस अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता दिखाई दी. विधान पार्षद मिर्जा रहमत बेग, पत्थर-
गट्टी के कॉरपोरेटर सोहेल कादरी सहित अन्य स्थानीय नेताओं ने मौके पर जाकर की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखा. अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया का हिस्सा है. भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि इस ऐतिहासिक इलाकों की खूबसूरती व्यवस्था को कायम रखा जा सके. वहीं स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों ने इस कार्रवाई पर मिली– जुली प्रतिक्रिया दी है . जहां कुछ लोगों ने इसे आवश्यक कदम बताया है, वहीं कुछ लोगों ने अपने रोजगार पर असर करने की चिंता भी जताई है . उधर, टाउन प्लानिंग विभागीय अफसर का कहना है कि नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है एवं शहर की सुव्यवस्था के लिए ऐसे कदम उठाना अनिवार्य है. इस बीच प्रशासन ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे अवैध अतिक्रमण से बचें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में योगदान करें.