संबलपुरी भाषा में रचित पुस्तक” गुड़िया बाबा की जय ” लोकार्पित

समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
संबलपुर, 5 अप्रैल 2026. पश्चिम ओड़िशा के संबलपुर से प्रकाशित दैनिक ओड़िआ ” अग्नि शिखा ” के प्रकाशक संपादक तथा वशिष्ठ पत्रकार अर्जुन रंजन पंडा द्वारा रचित संबलपुरी भाषा में ” गुड़िया बाबा की जय ” पुस्तक का लोकार्पण रविवार सुबह ( 5 अप्रैल) को संबलपुर स्थित ओड़िशा सांस्कृतिक समाज भवन के सभा कक्ष में आयोजित एक भव्य समारोह में किया गया. इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने महापुरुष की जीवनी पर आधारित इस पुस्तक में लिखी गई तथ्यों के संदर्भ में विमर्श किया एवं पुस्तक के लेखक एवं पश्चिम ओड़िशा के जाने- माने पत्रकार अर्जुन रंजन पंडा की सराहना की . विमर्श में शामिल हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक महापुरुष के जीवन में कई शिक्षाप्रद तत्व होते हैं, जो आगामी पीढ़ी को उचित मार्ग दिखाते हैं और इन्हीं महापुरुषों के बताए गए मार्ग से ही समाज में हम सुधार ला सकते हैं. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगाचार्य प्रो. जयदेव डंसेना आयोजित पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम के अध्यक्ष बेरहामपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आदित्य प्रसाद पाढ़ी, मुख्य वक्ता कालापानी महात्मा गांधी महाविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. मोहन साहू ने अपने उद्बोधन में ज्ञानानंद सरस्वती उर्फ़ गुड़िया बाबा के जीवनी की रोमांचक घटनाओं पर चर्चा की . वहीं सभा मंच का संचालन गौरी दास प्रधान ने किया. पुस्तक लोकार्पण की शुरुआत प्रख्यात गायक विभूति पटनायक द्वारा गाए गए गीत गायन से हुआ. इस दौरान पुस्तक के लेखक व पत्रकार अर्जुन रंजन पंडा को गुड़िया समुदाय के लोगों द्वारा सम्मानित किया गया. पुस्तक लोकार्पण के अवसर पर संबलपुर, बरगढ़ और झारसुगुड़ा इलाकों से भारी संख्या में बुद्धिजीवी वर्ग शामिल हुए. अंत में संबलपुरी भाषा के आइकॉन लेखक दीपक कुमार पंडा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ.