ममता दीदी के लिए झामुमो संभालेगी बंगाल में मोर्चा

समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट

रांची, 11 अप्रैल 2026. पश्चिम बंगाल की सियासत अब और भी दिलचस्प होती जा रही है. झारखंड मुक्ति मोर्चा ( झामुमो ) ने साफ संकेत दे दिया है कि वह इस बार बंगाल की राजनीतिक लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाएगी. खास बात यह है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने खुलकर ममता बनर्जी के समर्थन का ऐलान किया है . झामुमो सांसद विजय हांसदा ने बयान जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी बंगाल में ममता बनर्जी की ताकत बढ़ाने के लिए
पूरी तरह तैयार है. उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करेंगे. इससे साफ है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इस चुनाव को गंभीरता से ले रही है और अपने सहयोगी के समर्थन में पूरी ताकत लगाने के मूड में हैं . सूत्र बताते हैं कि झारखंड के गांडेय क्षेत्र से जेएमएम विधायक कल्पना सोरेन का भी बंगाल में चुनाव प्रचार का कार्यक्रम प्रस्तावित है. हालांकि, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच अंतिम चर्चा के बाद ही इन कार्यक्रमों की औपचारिक घोषणा की जाएगी. सांसद विजय हांसदा ने यह भी कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से मजबूत संबंध रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी दोनों दलों ने मिलकर कई मौकों पर सहयोग किया है और आगे भी साझेदारी जारी रहने की संभावना है. इस बीच, उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना था कि मौजूदा समय में चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं, बल्कि एक राजनीतिक दल के प्रभाव में काम करता हुआ नजर आ रहा है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार और अब पश्चिम बंगाल में इसकी झलक देखने को मिल रही है. झामुमो के इस रुख से यह साफ हो गया है कि पश्चिम बंगाल की सियासत में अब मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है.