आ गया दिल्ली दरबार का फरमान, नई सरकार से पहले ब्यूरोक्रेसी में महाभूकंप
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
बिहार की सियासत में जहां एक तरफ सत्ता परिवर्तन का काउंटडाउन तेज हो चुका है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक गलियारों में भी बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है…
पटना, 14 अप्रैल 2026 . बिहार की सियासत में जहां सत्ता परिवर्तन का शंखनाद हो चुका है, वहीं अब नौकरशाही के गलियारों में भी जबरदस्त हलचल मच गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से ठीक पहले केंद्र सरकार की ताज अधिसूचना ने प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं. बिहार कैडर
के कई प्रभावशाली आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को अचानक केंद्रीय प्रति नियुक्ति पर बुला लिया गया है, जिससे पटना के सत्ता गलियारों में सन्नाटा और अटकलों का बाजार दोनों गर्म है. पटना की सियासत में जहां एक तरफ सत्ता परिवर्तन का काउंटडाउन तेज हो चुका है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक गलियारों में भी बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है. सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार की पूरी ब्यूरोक्रेसी में व्यापक पुनर्गठन की तैयारी चल रही है, जिससे नौकरशाही का चेहरा काफी हद तक बदल सकता है. इस फेरबदल में सबसे चौंकाने वाला नाम अनुपम कुमार का सामने आया है. 2003 बैच के यह सीनियर आईएएस अधिकारी लंबे समय से मुख्यमंत्री के भरोसेमंद रणनीतिकार माने जाते रहे हैं . अब उन्हें केंद्र में ऊर्जा मंत्रालय में संयुक्त सचिव की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है. दिलचस्प बात यह है कि उनकी पत्नी प्रतिमा एस वर्मा को भी जनजातीय कार्य मंत्रालय में आयुक्त नियुक्त किया गया है. एक साथ इस ‘ पावर ‘ कपल’ का दिल्ली जाना बिहार सचिवालय के बदलते समीकरणों की बड़ी निशानी माना जा रहा है. सिर्फ आईएएस ही नहीं, आईपीएस स्तर पर भी बड़ा फेरबदल हुआ है. सीनियर अधिकारी राकेश राठी को केंद्रीय गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है, जहां वे देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े अहम मामलों में भूमिका निभाएंगे . इसके अलावा वंदना प्रेयसी को फर्टिलाइजर विभाग और श्रवनन एम. को अंतरिक्ष जैसे रणनीतिक सेक्टर में तैनाती की गई है . जानकार इसे महज रुटीन ट्रांसफर नहीं बल्कि ‘ सिस्टम रीसेट ‘ के तौर पर देख रहे हैं. नई सरकार के गठन से पहले अनुभवी और प्रभावशाली अधिकारियों को केंद्र में भेजना इस बात का इशारा माना जा रहा है कि आने वाला प्रशासनिक ढांचा पूरी तरह नए चेहरों और नई कार्यशैली के साथ काम करेगा. पटना के मुख्य सचिवालय में इस वक्त अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है. हर अधिकारी की निगाह अब अगली लिस्ट पर टिकी है, जिसमें आधा दर्जन और बड़े नाम शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि राज्य सरकार पहले ही इन अधिकारियों को रिलीव करने की प्रक्रिया पूरी कर चुकी है. सियासी नजरिए से देखें तो यह कदम सिर्फ प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि सत्ता परिवर्तन के साथ ‘ कंट्रोल और कमांड ‘ की नई रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है . नई सरकार अपने भरोसेमंद अधिकारियों के साथ काम करना चाहती है, ताकि फैसलों की रफ्तार और असर दोनों दिखे. सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार को लेकर है. सूत्रों के मुताबिक, उनके केंद्र सरकार में जाने की संभावना प्रबल है और उन्हें नीति आयोग में सदस्य बनाए जाने की चर्चा तेज है. इसी के साथ सचिव अनुपम कुमार और ओएसडी गोपाल सिंह को भी केंद्रीय प्रति नियुक्ति पर भेजे जाने की सहमति बनती नजर आ रही है. प्रशासनिक हल्कों में इसे सामान्य फेरबदल नहीं बल्कि सिस्टम री — इंजीनियरिंग के तौर पर देखा जा रहा है. जानकारों का मानना है कि सत्ता परिवर्तन के साथ ब्यूरोक्रेसी में यह संभावित बदलाव न सिर्फ प्रशासनिक संतुलन को प्रभावित करेगा, बल्कि नीतिगत फैसलों की गति और प्राथमिकताओं को भी नया आकार देगा. बहरहाल, बिहार में जहां एक तरफ नई सरकार के गठन की राजनीतिक हलचल अपने चरम पर है, वहीं दूसरी तरफ नौकरशाही में होने वाला यह संभावित बदलाव आने वाले दिनों में प्रशासनिक इतिहास का एक हम अध्याय साबित हो सकता है.