कांग्रेस का ऐलान, लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी जल्द .

कांग्रेस कार्य समिति ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को रफ्तार देने का फैसला करते हुए विपक्षी गठबंधन आई एन डी आई ए को भाजपा – एनडीए के खिलाफ एक प्रभावी ढाल और ताकत बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्णय लिया है . बैठक में मध्य प्रदेश और राजस्थान में पार्टी की हार को लेकर हुई गहन समीक्षा के दौरान कमलनाथ तथा अशोक गहलोत समेत पार्टी के रणनीतिकारों पर सवालों के तीर भी दागे गए. हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट.

नई दिल्ली/हैदराबाद,22 दिसंबर, 2023. कांग्रेस कार्य समिति ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को रफ्तार देने का फैसला करते हुए विपक्षी आई एन डी आई ए को भाजपा – एनडीए के खिलाफ एक प्रभावी ढाल और ताकत बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने का निर्णय लिया है. भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण
हिंदी पट्टी के तीन राज्यों के विधानसभा
चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन से सबक लेते हुए कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के चयन के लिए जल्द स्क्रीनिंग कमेटी और चुनाव घोषणा पत्र समिति बनाने का भी निर्णय लिया है . इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में पार्टी के चुनावी अभियान को बड़ा आयाम देने के लिए कार्य समिति ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण शुरू करने के लिए भी हामी भर दी है. देश के पूर्वी हिस्से से पश्चिमी भारत तक की राहुल गांधी की यह यात्रा आम चुनाव में कम समय को देखते हुए हाइब्रिड स्वरूप में होगी. उधर, लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई कार्यसमिति की बैठक में मध्य प्रदेश और राजस्थान में पार्टी की हार को लेकर गहन समीक्षा के दौरान कमलनाथ और अशोक गहलोत समेत पार्टी के वरिष्ठ रणनीतिकारों पर सवालों के तीर भी दागे गए.+ 4 घंटे तक चली सीडब्ल्यूसी की बैठक.

आई एन डी आई ए की बैठक के दो दिन बाद हुई कार्य समिति की बैठक में पारित प्रस्ताव में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए जल्द से जल्द पूरी तरह से तैयार होने का दृढ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा गया कि एक पार्टी ही नहीं, बल्कि आई एन डी आई ए के सदस्य के रूप में हम दोहराते हैं कि भाजपा और उसके सहयोगियों के खिलाफ एक प्रभावी ढाल और ताकत बनाने के लिए कांग्रेस से सभी आवश्यक कदम उठाएगी . कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में 4 घंटे तक चली इस बैठक में अधिकांश चर्चा 2024 की चुनावी तैयारियों और हिंदी पट्टी के तीन राज्यों में हार पर केंद्रित रही.

बैठक के बाद क्या कुछ बोले वेणु गोपाल ? कार्य समिति की बैठक के बाद पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्रकारों को बताया कि लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों के चयन के लिए इसी महीने स्क्रीनिंग कमेटी और अगले दो दिनों में चुनाव घोषणा पत्र समिति बनाए जाने की घोषणा की जाएगी . बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर प्रदेश के प्रभारी महासचिवों की ओर से विस्तृत रिपोर्ट रखे जाने और इस पर चर्चा की पुष्टि करते हुए कहा गया कि हम मानते हैं कि चुनाव नतीजे हमारे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, लेकिन मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी का वोट प्रतिशत कायम है और लोकसभा चुनाव के लिए कोई चिंता की बात नहीं है. आम चुनाव की तैयारियों को रफ्तार देने के लिए जनवरी महीने से राज्य स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन शुरू हो जाएंगे जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष और तमाम वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. कांग्रेस कार्य समिति की ओर से पारित प्रस्ताव में आर्थिक असमानताऐं बढ़ने, आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छूने और नौकरियों का अकाल पड़ने से युवाओं के परेशान होने की बात उठाते हुए कहा गया कि प्रधानमंत्री के दावों और हकीकत में जमीन- आसमान का फर्क है. सामाजिक ध्रुवीकरण को चुनावी लाभ के लिए जानबूझकर खतरनाक ढंग से प्रोत्साहित किया जा रहा है. लोकतंत्र खतरे में है और संविधान के तहत नागरिकों को जो स्वतंत्रता मिली हुई है, उसे पर आक्रमण हो रहे हैं. आज सब कुछ दांव पर है, ऐसे में कांग्रेस नेता एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए संकल्प के साथ मैदान में उतरें. बैठक में अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का मुद्दा भी उठा. इसमें कहा गया कि भाजपा इसे लोकसभा चुनाव में भुनाने का प्रयास करेगी, ऐसे में हमें भी अपनी पूरी तैयारी रखनी होगी. कार्य समिति की इस बैठक में खड़गे और राहुल के अलावा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कुल 76 सदस्य मौजूद थे.