हिम्मत है तो वाराणसी से बीजेपी को हराकर दिखाएं, कांग्रेस पर भड़की ममता बनर्जी यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है. तृणमूल कांग्रेस के इस फैसले को विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के लिए बड़ा झटका माना गया है.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

कोलकाता/हैदराबाद,2 फरवरी, 2024. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के 40 सीटें जीत पाने पर भी संशय जतया है. उन्होंने शुक्रवार को कहा,’ मुझे संदेह है कि क्या कांग्रेस आगामी आम चुनाव में 40 सीटें भी सुरक्षित कर पाएगी या नहीं. सीएम ममता का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला लिया है. तृणमूल कांग्रेस के इस फैसले को विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. इस बीच, ममता ने एक बार फिर से कांग्रेस को अपने तेवर दिखा दिए हैं. बंगाल के मुर्शिदाबाद में शुक्रवार को सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए टीएमसी प्रमुख ने कांग्रेस पर खूब बरसी. उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता कि कांग्रेस 300 में से 40 सीटें भी जीतेगी या नहीं. फिर यह अहंकार क्यों है? आप बंगाल आए मगर मुझे बताया भी नहीं. हम तो इंडिया गठबंधन का हिस्सा है . अगर आप में हिम्मत है तो वाराणसी में बीजेपी को हराकर दिखाइए, आप उन जगहों पर भी हार गए जहां पहले जीतते थे. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बंगाल आई थी, लेकिन मुझे इसकी जानकारी तक नहीं दी गई. हम इंडिया गठबंधन में सहयोगी दल है और मुझे अपने पार्टी के नेताओं से इसकी जानकारी मिली.
बीड़ी श्रमिकों से राहुल की बातचीत को बताया फोटोशूट
भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर ममता बनर्जी ने कहा कि राहुल गांधी को बीड़ी श्रमिकों के साथ बातचीत करते देखा गया. उन्होंने कहा, अब यह कोई नया स्टाइल चल पड़ा है…फोटोशूट कराने का. जो लोग कभी चाय की दुकान पर भी नहीं गए, अब वे बीड़ी श्रमिकों के साथ बैठने का दिखावा कर रहे हैं. ये सभी प्रवासी पक्षी की तरह हैं. गौरतलब है कि कांग्रेस के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था. इसमें दिखाया गया कि राहुल गांधी तंबाकू विक्रेताओं के साथ बैठकर बातें कर रहे हैं, जहां कई महिलाएं भी थी. इस दौरान कांग्रेस नेता उनसे उनकी आमदनी और व्यापार के बारे में जानकारी ले रहे थे.
टीएमसी से सीट बंटवारे पर बातचीत जारी : राहुल गांधी

दूसरी ओर, राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में टीएमसी के साथ लोकसभा चुनाव के लिए सीट — बंटवारे की व्यवस्था पर चर्चा कर रही है एवं अन्य मुद्दे का समाधान निकल जाएगा . उन्होंने गुरुवार रात पश्चिम बंगाल में पार्टी के डिजिटल मीडिया योद्धाओं के साथ बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की. यह पूछे जाने पर कि राज्य में कांग्रेस के लिए एक भी लोकसभा सीट छोड़ने की अनिच्छा के बावजूद कांग्रेस टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी को महत्व क्यों दे रही है, राहुल गांधी ने कहा, ना तो ममता जी ने कहा है, और न ही कांग्रेस गठबंधन से बाहर हुई है. ममता दीदी कह रही है कि वह गठबंधन में है . दोनों तरफ से सीटों पर चर्चा जारी है. इसे सुलझा लिया जाएगा.