बिहार में 12 तारीख को खेला होगा… अभी राज रहने दो, राजद विधायक का पार्टी में टूट पर दावा


बिहार में 12 फरवरी को क्या होने वाला है? यह सवाल सियासी गलियारों में तैर रहा है . कई तरह की अटकलें भी है. बहरहाल राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने पार्टी में टूट की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है एवं कई सवालों का जवाब भी दिया है. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अपने ही अंदाज में तंज कसते हुए हमला बोला
.

हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट.

पटना/हैदराबाद,8 फरवरी, 2024. बिहार में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ने वाला है . एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केक फ्लोर टेस्ट से गुजरने से पहले प्रदेश में ‘ खेला ‘ की अटकलें हैं. वहीं, दूसरी ओर आरजेडी टूट की अफवाहों ने जोर पकड़ा हुआ है. हालांकि, राजद ने इन सभी अटकलें को खारिज कर दिया है . उसका कहना है कि 12 तारीख को खेला होगा . बता दें कि बिहार में नीतीश कुमार सरकार को विधानसभा में बजट सत्र के दौरान फ्लोर टेस्ट यानी विश्वास मत की प्रक्रिया से गुजरना है. इसकी तारीख 12 फरवरी तय की गई है . ऐसे में प्रदेश के सियासी गलियारों में अफवाहों और अटकलों का दौर जारी है.

राज को राज रहने दो: भाई वीरेंद्र +इधर, आरजेडी में टूट की अटकलों को खारिज करते हुए मीडिया के सवालों के जवाब में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि, राज को राज रहने दीजिए. 12 तारीख को जो खेला होगा, वो आप देखिएगा. क्या-क्या होता है देखते रहिए . उधर, जदयू की 11 तारीख को बुलाई गई विधायक दल की मीटिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि बीते कल( बुधवार को ) पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए सीएम नीतीश कुमार यहां भागे दौड़े गए हैं . उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि डर नहीं रहता तो क्या पीएम से मिलने के लिए जाते ?

नीतीश कुमार पर कसा तंज
भाई वीरेंद्र ने कहा कि वहां जाकर कह रहे हैं कि हमें रखिए, अब हम कहीं नहीं जाएंगे. यहां भी आए थे और कहे थे कि मर जाएंगे, मिट जाएंगे, लेकिन हम बीजेपी में फिर से लौटेंगे नहीं . अब फिर वहां जाकर कह रहे हैं हम अब आपके साथ ही जिंदगी भर राजनीति करेंगे . अरे राजद के विधायकों को जिंदगी में कभी कोई तोड़ नहीं सकता है . हम इतने मजबूत हैं, हमारे विधायक कितने मजबूत हैं कि दूसरे को तोड़ सकते हैं, खुद टूट नहीं सकते. मीडिया के एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि वो जानता है कि भाई वीरेंद्र के पास कोई फोन कर ही नहीं सकता है. दरअसल, उनसे पूछा गया था कि आपकी पार्टी के नेता कह रहे हैं कि भाई वीरेंद्र के पास फोन आ रहे हैं .