दिल्ली में धरने पर बैठे दिग्विजय सिंह गिरफ्तार, बोले – ईवीएम के खिलाफ लड़ाई गांव गांव तक.

नई दिल्ली/हैदराबाद,22 फरवरी, 2024. अब तक ईवीएम को लेकर बयान देते रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह अब ईवीएम के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं. वे दिल्ली में ईवीएम के खिलाफ हो रहे धरने में शामिल हुए. यह धरना प्रदर्शन ईवीएम हटाओ मोर्चा की ओर से निर्धारित था. हालांकि धरने की अनुमति नहीं होने की वजह से जंतर मंतर से पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भगा दिया. इसकी खबर मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह धरने के लिए जमा लोगों को लेकर यूथ कांग्रेस के दिल्ली कार्यालय पहुंच गए और वहीं पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. दिग्विजय सिंह ने कहा है कि ईवीएम पर हम 2018 से सवाल उठा रहे हैं और अब इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगे. बाद में दिल्ली पुलिस ने ईवीएम के विरोध में विरोध प्रदर्शन करने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया .