तेजस्वी यादव और शार्प शूटर की स्वागत वाली तस्वीर सिवान के नए सर्किट हाउस की बताई जा रही है. नया सर्किट हाउस एसपी आवास के सामने है. यहीं पर एसडीओ का भी आवास है.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट.
पटना/ हैदराबाद, 23 फरवरी, 2024. जन विश्वास यात्रा के तहत तेजस्वी यादव ने बीते गुरुवार ( 22 फरवरी) को सीवान में जनसभा की. जनसभा में तेजस्वी के साथ मंच पर शार्प शूटर मोहम्मद कैफ उर्फ बंटी भी दिखा. जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. बंटी, शहाबुद्दीन का कथित सहयोगी रहा है. तस्वीर वायरल होने के बाद सियासी पारा चढ़ा हुआ है . शार्प शूटर बंटी हत्या समेत कई मामलों में आरोपित है . कई बार जेल गया है. तस्वीर को लेकर बीजेपी तेजस्वी को घेर रही है. इस पर अब राजद ने प्रतिक्रिया दी है.
राजद ने प्रशासन पर उठाए सवाल
राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि तेजस्वी की रैली में कौन अपराधी है और कौन क्या है उस
भीड़ में, रैली में कैसे घुस जा रहा है यह देखना प्रशासन का काम है. जन सैलाब में कौन किधर से मंच पर चढ़कर फोटो खिंचवा ले रहा है. यह खुद देख पाना संभव नहीं. आखिर प्रशासन क्या कर रहा है? सामाजिक तत्व कैसे आ जा रहे हैं, यह देखना प्रशासन का काम है.
मंच से पहले अकेले में मिला बंटी
मंच की तस्वीर पर प्रतिक्रिया देकर भले ही राजद पल्ला झाड़ते हुए इसके लिए प्रशासन को दोषी ठहरा दिया हो, लेकिन हैरान करने वाली बात है कि शार्प शूटर बंटी तेजस्वी यादव से अकेले में भी मिला है. उसकी तस्वीर सामने आई है. यह तस्वीर सिवान के नए सर्किट हाउस की बताई जा रही है. दरअसल, गुरुवार को सभा से पहले तेजस्वी यादव सर्किट हाउस में रुके थे . यही जाकर शार्प शूटर ने मुलाकात की है. यहीं की यह तस्वीर बताई जाती है. सबसे बड़ी बात है कि नया सर्किट हाउस एसपी आवास के सामने है और यहीं पर एसडीओ का भी आवास है व जज का भी आवास है.