कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तेलंगाना से चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर है. प्रियंका गांधी के बारे में भी कहा जा रहा है कि वह रायबरेली से चुनाव लडेंगी.

हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट.
हैदराबाद, 27 फरवरी, 2024. राजनीतिक हल्कों में ऐसी चर्चा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी तेलंगाना के खम्मम से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं. कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फैसला ले लिया गया है . राज्य से संसद की ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने का दम भरने वाली कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर कवायद तेज कर दी है फैसला हो चुका है. कांग्रेस सूत्रों को उम्मीद है कि अगर राहुल गांधी तेलंगाना से चुनाव लड़ते हैं तो यहां पार्टी का प्रभाव ज्यादा होगा.
रेवंत रेड्डी की खड़गे से बातचीत
पीसीसी अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और डिप्टी सीएम भट्टी विक्रमार्क तथा राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी ने कुछ दिन पहले सोनिया गांधी से तेलंगाना राज्य से चुनाव लड़ने की अपील की थी . पार्टी के सूत्रों ने कहा है कि वह स्वास्थ्य की वजह से सीधे चुनाव नहीं लड़ना चाहती हैं . राज्य से राज्यसभा सदस्य के तौर पर खड़े होने का सुझाव दिए जाने के बावजूद सोनिया गांधी राजस्थान से उच्च सदन में गई है. इसी क्रम में राहुल गांधी का नाम सामने आया. बताया जाता है कि मुख्यमंत्री रेड्डी ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ राहुल गांधी के तेलंगाना से चुनाव लड़ाने के बारे में चर्चा की. राहुल गांधी वर्तमान में केरल के वायनाड से सांसद हैं . संबंधित नेताओं के साथ बातचीत जारी है . सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस के शीर्ष नेता के खम्मम या भुवन गिरी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की संभावना है. इसके अलावा राज्य कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी केरल के वायनाड से ही चुनाव लड़ेंगे. जबकि प्रियंका गांधी संभवत : रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी.
