राष्ट्रीय जनता दल को पिछले 15 दिनों में दूसरा बड़ा झटका लगा है . फ्लोर टेस्ट के दौरान तीन विधायकों ने नीतीश का साथ दिया था. वहीं, अब मोहनिया विधायक संगीता देवी ने भी राजद को छोड़ दिया है. इन विधायकों पर अब आरजेडी कार्रवाई करने जा रही है. राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने साफ कर दिया है कि चारों विधायकों की सदस्यता जाना तय है
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
पटना/हैदराबाद,27 फरवरी,2024. आरजेडी में पहले तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद अब मोहनिया विधायक संगीता देवी के दल छोड़ने को आरजेडी ने गंभीरता से लिया है. पार्टी ने कहा है कि थैली के गुलाम बने विधायकों की चिंता नहीं. इनकी तो सदस्यता जाना तय है. पार्टी ने इस मामले को विधानसभा अध्यक्ष के ध्यानार्थ उठाने की बात कही है. राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद मनोज झा ने कहा है कि तेजस्वी यादव 20 फरवरी से यात्रा पर हैं . यात्रा की लहर का जो प्रभाव है, उसका बीजेपी के धन्ना सेठों को डर है. इसलिए उस थैली का इस्तेमाल कर वह कुछ भी कर सकते हैं. आरजेडी ने अपने जन्म काल से हजारों विधायक पैदा किए हैं. जिनके पास जन समर्थन होता है, वह धन्ना सेठों की थैली के गुलाम बन गए विधायकों की चिंता नहीं करता. उन्होंने कहा कि तेजस्वी को जितना समर्थन मिल रहा है, उससे दिल्ली से लेकर गुजरात और बिहार के जदयू खासकर भाजपा नेताओं की नींद उड़ी हुई है, इसलिए थैली की मदद लेकर वह सब काम कर रहे हैं.
” लोकतंत्र में डकैती… “

मनोज झा ने कहा, विधानसभा अध्यक्ष सब कुछ देख रहे हैं. हम जाएंगे उनके पास, गुहार लगाएंगे. यह दल बदल विरोधी कानून है, जो कभी नहीं होता है कि चार विधायकों को आप जगह आवंटित कर देंगे. लोकतंत्र में डकैती करने की अगर यह विद्या आपने दीक्षित की है तो यह बिहार है.
इन चारों की सदस्यता जाएगी
उन्होंने कहा कि सदस्यता तो इन चारों की जाएगी, क्योंकि दल विरोधी कानून को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ख्याल इतनी सख्त है कि कोई विधानसभा अध्यक्ष इसका उल्लंघन नहीं कर सकता . यदि कोई स्पीकर ऐसा करने की कोशिश करेगा तो इतिहास के पन्नों में उस स्पीकर का कोई नाम लेना भी पसंद नहीं करेगा.