
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट
हैदराबाद,6 मार्च,2024.यहां के फतेह मैदान क्लब में पिछले दिनों डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन, नई दिल्ली और लोहिया विचार मंच हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक का उद्देश्य था डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष के अंतिम दिसंबर माह के 6 और 7 तारीख को हैदराबाद में आयोजित होने वाले ” पंचम राष्ट्रीय विचार मंथन” कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा. बैठक की अध्यक्षता लोहिया विचार मंच हैदराबाद के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश ठाकुर गोपाल सिंह ने की जबकि डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन, नई दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह ने आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय विचार मंथन कार्यक्रम से संबंधित विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की. आयोजित बैठक में लोहिया विचार मंच के संयोजक व वरिष्ठ अधिवक्ता दामोदर रेड्डी, सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव वाई एस अमीन, समाजवादी नेत्री सुभद्रा रेड्डी, उस्मानिया विश्वविद्यालय के पूर्व उप कुल सचिव जी सत्यनारायण, कर्पूरी ठाकुर फाउंडेशन के अध्यक्ष सूर्य नारायण, वरिष्ठ पत्रकार पासम यादगिरी, बालकृष्ण राव, राणा प्रताप, रमेश नायडू एवं और सुरेंद्र प्रमुख मौजूद रहकर अपने विचार प्रकट किए. उल्लेखनीय है कि 6 और 7 दिसंबर को आयोजित होने वाले पंचम राष्ट्रीय विचार मंथन का मुख्य विषय डॉ राम मनोहर लोहिया, बद्री विशाल पित्ती जैसे वैचारिक समाजवाद की पृष्ठभूमि में उर्वरक भूमि हैदराबाद से प्रकाशित होने वाले समाजवादी साहित्य और डॉक्टर लोहिया द्वारा स्थापित सोशलिस्ट पार्टी के 75 वर्ष पूरे होने पर यह आयोजन होना है, ताकि देश की नई पीढ़ी यह जान सके कि हैदराबाद क्यों वैचारिक समाजवाद की पुण्य भूमि कही जाती रही है. हालांकि, डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन द्वारा अब तक कोलकाता, गोवा, गुवाहाटी अब रांची में राष्ट्रीय विचार मंथन का सफल आयोजन किया जा चुका है. इसी क्रम में इस वर्ष पंचम राष्ट्रीय विचार मंथन कार्यक्रम हैदराबाद में रखा गया है. आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि हैदराबाद में आयोजित होने वाले यह दो दिवसीय कार्यक्रम बहुत ही शानदार ढंग से होगा.