बिहार में एनडीए में सीट शेयरिंग का ऐलान नहीं हो पाया है. सूत्रों के मुताबिक पशुपति कुमार पारस और चिराग पासवान दोनों हाजीपुर सीट को लेकर दावा ठोक रहे हैं. लेकिन पेंच अभी भी फंसा हुआ है.
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो चीफ देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट.

नई दिल्ली/हैदराबाद, 13 मार्च, 2024. चिराग पासवान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने पहुंचे हैं. उनके साथ बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष मंगल पांडे भी नड्डा की आवास पहुंचे हैं. सीट शेयरिंग से पहले चिराग पासवान की नाराजगी की खबरों के बीच यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है. दरअसल, हाजीपुर सीट को लेकर चिराग पासवान और पशुपति कुमार पारस दोनों ही अड़े हुए हैं. पशुपति कुमार पारस केंद्र में मंत्री हैं . दोनों ही नेता बिहार में एनडीए का हिस्सा है. दोनों के बीच सीटों को लेकर फिलहाल तनातनी को बीजेपी खत्म करने की कोशिश में जुटी हुई है. पशुपति कुमार पारस पहले ही साफ कर चुके हैं कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व जो भी फैसला लेगी वह उनको सर्वमान्य होगा . जबकि बीते दिनों में चिराग पासवान के तेवर भी तल्ख़ हैं. हाल ही में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक रैली में चिराग पासवान ने कहा था कि उनका गठबंधन सिर्फ बिहार की जनता से है. उन्होंने एनडीए या बीजेपी का नाम नहीं लिया था. चिराग पासवान के अगले कदम को लेकर भी बिहार में अटकलें लगने लगी है. हालांकि, जब केंद्र सरकार ने सीएए का नोटिफिकेशन जारी किया, तब उन्होंने इस फैसले का स्वागत किया था. उनके इस रुख को ऐसा माना गया कि फिलहाल वह एनडीए के साथ ही हैं. इस बीच बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान को महागठबंधन में शामिल होने का” ऑफर” भी दे दिया था. तेजस्वी यादव से जब चिराग पासवान को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि हम लोग सभी को साथ लेकर चलते हैं. चिराग पासवान के आने पर स्वागत करने के विषय में पूछे जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह समय बताएगा. उन्होंने कहा, सभी लोग अच्छी तरह से जान गए हैं कि देश के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है .