महागठबंधन के सीट बंटवारे में पूर्णिया लोकसभा राजद के खाते में आई है. मगर पप्पू यादव ने यहां से कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. वे 4 अप्रैल को नामांकन करेंगे
हैदराबाद से राजनीतिक संवाददाता देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट.
पूर्णिया/ पटना/हैदराबाद,29 मार्च, 2024. बिहार महागठबंधन में सीट बंटवारे के बाद पूर्णिया लोकसभा सीट राजद के खाते में आने के बाद पप्पू यादव यहां से कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ने के लिए अड़ गए हैं. पूर्व सांसद पप्पू यादव ने 4 अप्रैल को नामांकन करने का ऐलान कर दिया है . उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सिंबल पर ही यहां से चुनाव लड़ेंगे. जबकि सीट बंटवारे में पूर्णिया राजद के खाते में गई है. लालू प्रसाद यादव की पार्टी ने जेडीयू छोड़कर आई विधायक बीमा भारती को यहां से प्रत्याशी बनाया है. हालांकि, इस मुद्दे पर अभी कांग्रेस आलाकमान की ओर से कोई बयान नहीं आया है. माना जा रहा है कि अगर कांग्रेस नेतृत्व पप्पू यादव को पार्टी का सिंबल नहीं देता है तो वे निर्दलीय भी लोकसभा चुनाव में ताल ठोक सकते हैं. ऐसे में राजद की बीमा भारती से उनका दोस्ताना मुकाबला हो सकता है. दरअसल, महा गठबंधन के तहत पूर्णिया सीट कांग्रेस को नहीं मिली है. यहां से राजद ने बीमा भारती को उम्मीदवार बनाया है. अपनी जन अधिकार पार्टी को कांग्रेस में विलय करने के बाद पप्पू यादव पूर्णिया से महागठबंधन के तहत कांग्रेस प्रत्याशी बनने की उम्मीद कर रहे थे.सीट कांग्रेस को भले न मिली हो, लेकिन पप्पू यादव ने पूर्णिया सीट पर अपना दावा ठोका है. पप्पू यादव शुक्रवार को कहा कि वह पूर्णिया में कांग्रेस का झंडा फहराऐंगे. 4 अप्रैल को यहां से लोकसभा चुनाव के लिए वे नामांकन करेंगे. महागठबंधन की सीटों के बंटवारे का ऐलान के ठीक तुरंत बाद शुक्रवार को एक बजे पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा — सीमांचल कोसी जीतकर देश में कांग्रेस सरकार की सरकार बनाएंगे. फिर आगे लिखा– पूर्णिया में कांग्रेस का झंडा लहराएंगे, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाएंगे.
सीट बंटवारे में लालू के आगे किसी की नहीं चली, कांग्रेस को नहीं मिली मनचाही सीटें
पप्पू यादव ने मीडिया से कहा कि पूर्णिया सीट कांग्रेस की थी, है और रहेगी . उन्हें पूर्णिया की जनता का आशीर्वाद है. उन्होंने कहा कि पप्पू यादव कोरोना से नहीं डरा तो वह किसी और से क्या डरेंगे. सीट बंटवारे में पूर्णिया तो कांग्रेस को नहीं मिली, तो क्या वे महागठबंधन की उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करेंगे. इस पर पप्पू यादव ने कहा कि मैं किसी के बारे में कुछ नहीं कहूंगा. पूर्णिया की जनता निराश नहीं है . मेरे लिए जनता ही भगवान है. इसके पहले 23 मार्च को पप्पू यादव ने कहा था कि दुनिया छोड़ देंगे, लेकिन पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे.