

हैदराबाद से राजनीति संवाददाता देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट.
हैदराबाद, 29 मार्च,2024.भारत राष्ट्र समिति के महासचिव तथा सांसद राज्यसभा के. केशव राव ने अपनी बेटी और हैदराबाद ग्रेटर म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की मेयर गदवाल विजयलक्ष्मी के साथ कांग्रेस में शामिल होने से एक दिन पहले शुक्रवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक के दौरान एआईसीसी राज्य प्रभारी दीपा दास मुंशी और अन्य नेता भी मौजूद थे. माना जाता है कि राज्यसभा सांसद केशव राव ने कांग्रेस में शामिल होने के अपने फैसले से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की. केशव राव और उनकी बेटी ने गुरुवार को कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की थी.इस मौके पर मेयर विजयलक्ष्मी ने कहा कि सत्तारूढ़ दल का मेयर होने से विकास कार्य सुचारु रुप से हो सकते हैं. सांसद केशव राव ने इससे पहले बीआरएस अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव को भी अपना निर्णय बता दिया था. वरिष्ठ नेता ने उनसे कहा था किवह कांग्रेस में लौटना चाहते हैं,क्योंकि वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं . तेलंगाना के लिए टीआरएस में शामिल हुए थे+ उन्होंने उल्लेख किया कि वह 53 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी में थे और वह तेलंगाना के लिए टीआरएस में शामिल हुए थे. उन्होंने कांग्रेस में वापसी की इच्छा जताई . उनका फैसला दीपा दास मुंशी से मिलने और उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के एक हफ्ते बाद आया. हालांकि, केशव राव के बेटे विप्लव कुमार ने स्पष्ट किया है कि उनका अपने पिता और बहन के फैसले से कोई लेना-देना नहीं है .टीस अर्बन फाइनेंस इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के पूर्व अध्यक्ष विप्लव कुमार ने कहा कि वह बीआरएस के साथ बने रहेंगे.
कई नेता कांग्रेस या भाजपा में शामिल हो चुके हैं
खबर है कि भारत राष्ट्र समिति के पांच मौजूदा सांसद और एक विधायक सहित कई नेता कांग्रेस या भाजपा में शामिल हो चुके हैं. अब हैदराबाद की मेयर के साथ ही भारत राष्ट्र समिति के कई पार्षदों के भी कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है. गौरतलब है कि हैदराबाद नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को निराशा ही हाथ लगी थी. पार्टी सिर्फ दो वार्ड ही जीत पाई थी.