
हैदराबाद से राजनीतिक संवाददाता देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट.
नई दिल्ली/ मुजफ्फरपुर/हैदराबाद,2 अप्रैल, 2024. लोकसभा चुनाव घोषणा के बाद से सत्ताधारी भाजपा — एनडीए के हरियाणा, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों के करीब आधा दर्जन सांसद कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं. कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर मंगलवार को पार्टी के मीडिया सेल के प्रमुख पवन खेड़ा, बिहार के प्रभारी मोहन प्रकाश और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी सांसद अजय निषाद ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की . लोकसभा चुनाव 2024 में नेताओं के पाला बदलने की जारी रफ्तार के क्रम में मंगलवार को बिहार के भाजपा सांसद अजय निषाद ने पार्टी को छोड़ते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया. मुजफ्फरपुर के वर्तमान सांसद अजय निषाद को भाजपा ने इस बार टिकट नहीं दिया है और ऐसे में उनके कांग्रेस में शामिल होने से साफ है कि अब वे देश के सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं. बिहार में गठबंधन के तहत 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस ने मंगलवार को अपने तीन और उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. जिसमें वरिष्ठ नेता तारिक अनवर को उनकी परंपरागत सीट कटिहार से तो विधानसभा में दल के नेता अजीत शर्मा को भागलपुर से टिकट दिया गया है . वहीं, आंध्र प्रदेश में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ताकत लगा रही कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला को उनके पिता दिवंगत राजशेखर रेड्डी के क्षेत्र कड़प्पा से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया है. बता दें कि अजय निषाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे कैप्टन जय नारायण निषाद के बेटे 2014 और 2019 में लगातार दो बार से मुजफ्फरपुर के सांसद हैं. इस मौके पर मोहन प्रकाश ने कहा कि जय नारायण निषाद ने वंचित, शोषित, पीड़ित और अति पिछड़ों के लिए हमेशा आवाज उठाई थी और अब उनके बेटे इसी रास्ते पर चलकर अति पिछड़ों की आवाज को बुलंद कर रहे हैं. जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि अजय निषाद के कांग्रेस में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और मुजफ्फरपुर ही नहींबल्कि दरभंगा,मधुबनी अब चंपारण में पार्टी को इसका फायदा होगा. पार्टी में शामिल होने के बाद अजय निषाद ने पार्टी में शामिल करने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए वे दिन रात काम करेंगे.