
हैदराबाद से राजनीतिक संवाददाता देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट


वायनाड /हैदराबाद, 3 अप्रैल, 2024. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की वायानाड लोकसभा सीट से 3 अप्रैल( बुधवार) को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पहुंचे और वायनाड जिलाधिकारी को अपना नामांकन पत्र सौंपा. वायनाड जिलाधिकारी चुनाव अधिकारी भी हैं. नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद राहुल गांधी ने संविधान को बनाए रखने की शपथ पढी इसके बाद कागजात जमा करने की प्रक्रिया समाप्त हुई. राहुल गांधी सुबह हेलीकॉप्टर से वायनाड पहुंचे और फिर उन्होंने कलपेट्टा सिविल स्टेशन तक रोड शो किया . इसके बाद वह अपना नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिए जिलाधिकारी के कार्यालय गए. रोड शो के अंत में राहुल गांधी एक जनसभा को भी संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि वह इस जिले में कई लोगों की जान लेने वाली मानव पशु संघर्ष की घटनाओं समेत वायनाड वासियों के सभी मुद्दों पर उनके साथ हमेशा खड़े हैं. वायनाड से मौजूदा सांसद राहुल गांधी ने कहा कि वह इस पहाड़ी चुनाव क्षेत्र के लोगों के मुद्दों पर देश और दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए हमेशा तैयार हैं . राहुल गांधी वायनाड लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी की प्रदेश इकाई अध्यक्ष के सुरेंद्रन और भाकपा की नेता एनी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने 2019 में इसी सीट से चार लाख से अधिक वोटो के अंतर से जीत हासिल की थी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2019 के लोकसभा चुनावों में 10,92,192 मतों से 7,06,367 मत हासिल कर विजयी रहे थे जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाकपा प्रत्याशी पी पी सुनीर को 2,74,597 वोट मिले थे. केरल में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 26 अप्रैल को होगा. रोड शो के दौरान राहुल गांधी का वायनाड में जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए. राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने की हैं. एक तरफ कुछ ऐसी शक्तियां हैं जो देश के लोकतंत्र और संविधान को नष्ट करना चाहती है. वही, दूसरी तरफ एक ऐसी शक्ति है जो देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की कोशिश कर रही है. यह आपके सामने स्पष्ट है कि कौन किसके तरफ है. यह साफ है कि कौन संविधान पर हमला कर रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि हम न्याय के नए युग में कदम रख रहे हैं. मैं पूरी निष्ठा से जनता की सेवा करना चाहता हूं.
