हैदराबाद से राजनीतिक संवाददाता देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट
मंडी/हैदराबाद, 4 अप्रैल, 2024. मंडी के होटल ” राजमहल ” में आयोजित मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में राज्य के लोक निर्माण मंत्री तथा मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने ” कंगना रनौत” पर कटाक्ष किया है. उन्होंने कहा है कि भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत अगर कीचड़ उछालेंगी तो छींटे उन पर भी पड़ेंगे. मंत्री सिंह ने कहा, कंगना का दोहरा चरित्र यहां नहीं चलेगा. मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी तथा प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पास उनके खिलाफ बोलने के लिए बहुत कुछ है. कंगना उनकी बहन है. कोई उन्हें अपशब्द बोलेगा तो हम उसका विरोध करेंगे लेकिन यह एकतरफा नहीं होगा और ना ही कंगना का दोहरा चरित्र यहां चलेगा. विक्रमादित्य सिंह यहां मंडी के होटल राजमहल में आयोजित मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अब हिमाचल की संस्कृति के अनुरूप और मुद्दों पर आधारित चुनाव लड़ेंगे. लोकसभा की चारों और विधानसभा के सभी 6 उपचुनाव जीतेंगे. 6 विधानसभा के उप चुनाव को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि सरकार और संगठन आने वाले दिनों में और बेहतर तालमेल के साथ काम करेगा. कार्यकर्ताओं का बढ़ाया जाएगा मनोबल+ कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए हर जिले में सरकार और संगठन की संयुक्त रैलियां की जाएगी. मुख्यमंत्री सुक्खू आने वाली पीढियों के भविष्य को ध्यान में रख खर्च कम कर आय स्रोत बढ़ाने का काम किया है. वाटर सेस के निर्णय को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे. जयराम ठाकुर डबल इंजन सरकार का रोना रोते रहे, हिमाचल में एक भी प्रोजेक्ट पूरा नहीं कर पाए. केंद्र सरकार चुनाव जीतने के लिए अपने विरोधियों को ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग से प्रताड़ित करवा कर लोकतंत्र और संविधान की हत्या करने पर उतर गई है.
कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बीजेपी के 50 कार्यकर्ताओं पर भारी
हिमाचल की सरकार पर कोई संकट नहीं है. वह वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चल दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम कर रहे हैं. कार्यकर्ता व नेता अहंकार छोड़कर अगर धरातल पर चुनाव लड़ेंगे तो कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है. उन्होंने कांग्रेस जनों से आग्रह किया कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बीजेपी के 50 कार्यकर्ताओं पर भारी पड़ना चाहिए. ताकि कांग्रेस को मजबूती मिल सके.