
हैदराबाद से राजनीतिक संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
जमुई/हैदराबाद,6 अप्रैल, 2024. विकासशील इंसान पार्टी ( वीआईपी ) के संस्थापक अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी महागठबंधन में शामिल होने के साथ ही अपने चुनाव अभियान में जुट गए हैं. इस क्रम में शनिवार को सहनी जमुई के श्री कृष्णा सिंह मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित एक जनसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा किया और भाजपा पर जमकर बरसे. जमुई में राजद की प्रत्याशी अर्चना रविदास के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि बीजेपी कभी नहीं चाहती है कि गरीब का बेटा आगे बढ़े. उन्होंने कहा कि बिहार में जो सरकार हमने बनाई थी, उससे हमें बाहर कर दिया गया. इसके बाद जब तेजस्वी यादव सरकार में आए और जातीय सर्वे करवाया तब गरीबों को नौकरी मिलने लगी . उन्होंने कहा की साजिश के तहत उसे सरकार को भी गिरा दिया गया . मुकेश सहनी लोगों से खासकर युवाओं से दिल्ली के तानाशाह को हटाने की अपील करते हुए कहा कि आज इस सरकार में जांच एजेंसियों के जरिए पहले धमकाया जाता है और फिर चंदा लिया जाता है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि गांव में एक कहावत है. ” चोर बोले जोर से ” वही हाल आज भाजपा की हो गई है. इस सरकार में भ्रष्टाचार बढ़ गया है . मुकेश सहनी ने कहा कि देश में आपातकाल से भी बदतर हालत है . दो प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को गलत तरीके से जेल में डाल दिया गया है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्कूल और अस्पताल बनवा रहे थे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गरीबों के लिए कार्य कर रहे थे . दोनों आज जेल में है . सहनी ने राजद के प्रत्याशी को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि
आज गरीब विरोधियों से लड़ने का समय आ गया है. इस जनसभा को विधानसभा में प्रत्यक्ष के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी संबोधित किया और कहा कि जमुई लोकसभा का क्षेत्र एनडीए के लिए प्रयोगशाला है . 10 साल बाद नए प्रयोग किए गए हैं . उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परिवारवाद नहीं दिखाई देता है. गौरतलब है कि पहले चरण में बिहार के चार लोकसभा क्षेत्र में चुनाव परिवारवाद का उदाहरण बना हुआ है. तहसील यादव जमुई स्टेडियम के मैदान में राजद प्रत्याशी अर्चना रविदास के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से जो भी वादा किया था एक भी वादा को पूरा नहीं किया. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में उन्होंने 10 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था और जब मौका मिला तो 17 महीने में 5लाख युवाओं को नौकरी देकर दिखा दिया . उन्होंने दावा किया कि देश का कोई भी राज्य सरकार या केंद्र की सरकार 17 महीने में 5 लाख नौकरी देने का काम किया है तो बताए. उन्होंने कहा कि चिराग पासवान उनके भाई के समान है और यहां से उनके जीजा जी चुनाव लड़ रहे हैं. जबकि लालू प्रसाद ने स्थानीय महिला अर्चना रविदास को उम्मीदवार बनाया है. उन्होंने कहा कि आधी आबादी की भागीदारी करने वाली अर्चना रविदास हमेशा यहां पर लोगों के साथ काम करेगी. उन्हें ढूंढने के लिए किसी को बाहर नहीं जाना होगा . तेजस्वी यादव ने कहा कि बाहर से आने वाले कैंडिडेट को जरूर बाहर का रास्ता दिखाइएगा. उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने गरीबी मिटाने, महंगाई को कम करने, 2 लाख युवाओं को प्रतिवर्ष नौकरी देने और 15 लख रुपए हर व्यक्ति के बैंक खाते में जो देने का वादा किया था. उसका क्या हुआ? जब भी वे जमुई आते हैं तो यहां के लोगों को ठगने के लिए आते हैं. उन्होंने भीड़ से पूछा कि क्या कोई यह बताया कि जमुई क्षेत्र से लड़ने वाले उम्मीदवार कहां के हैं. भारी भीड़ में हाथ हिलाकर नहीं में जवाब दिया . तेजस्वी ने कहा कि देश की संपत्ति को पूंजीवादी के हाथ में बेचा जा रहा है. युवाओं के साथ छल किया गया है. जनता आने वाले चुनाव में जवाब देगी. इस मौके पर वीआईपी के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश सहनी, राजद प्रत्याशी अर्चना रविदास, पूर्व मंत्री आलोक मेहता, पूर्व मंत्री विजय प्रकाश, अजय प्रताप, बंटी चौधरी, विधायक विजय सम्राट, संजय यादव,गोपाल गुप्ता,सावित्री देवी,राजेंद्र यादव, मो. हलीम एवं त्रिवेणी यादव प्रमुख मौजूद थे .