आर्थिक तंगी के चलते एक ही परिवार के 4 लोगों ने दी जान

हैदराबाद, 12 मार्च, 2025. यहां के हब्सीगुड़ा में आर्थिक तंगी से परेशान एक शख्स ने परिवार सहित जान दे दी. पुलिस को 4 लोगों के शव संदिग्ध अवस्था में मिले हैं. चारों मृतक एक ही परिवार के हैं.
तेलंगाना में हैदराबाद के हब्सीगुड़ा में सुसाइड का एक मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, एक शख्स ने पहले अपने परिवार को मौत की नींद सुला दिया और फिर खुद आत्महत्या कर ली . मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी का हवाला दिया गया है.

परिवार में थे 4 सदस्य

पुलिस ने मृतकों की पहचान चंद्रशेखर रेड्डी (44) पत्नी कविता(35) पुत्र विश्वन रेड्डी (10) और बेटी श्रीथा (15) के रूप में की है. बहरहाल उस्मानिया विश्वविद्यालय( ओयू ) पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

निजी कॉलेज में शिक्षक थे चंद्रशेखर

जानकारी के मुताबिक, मृतक चंद्रशेखर रेड्डी एक निजी कॉलेज में टीचर थे, लेकिन करीब 6 महीने पहले उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी थी . जिससे परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था . पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है. सुसाइड नोट में मृतक चंद्रशेखर रेड्डी ने लिखा कि, ” मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है. मैं अपने जीवन में डायबिटीज और किडनी की बीमारी से जूझ रहा था. साथ ही मानसिक बीमारियों से भी परेशान था. ऐसे में आत्महत्या करने के अलावा मेरे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं था. पुलिस अधिकारी अपनी जांच को जारी रखें.

पुलिस ने जताई बेटा और बेटी की हत्या की आशंका

पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि पिछले सोमवार को मृतक चंद्रशेखर रेड्डी ने अपने 10 वर्षीय बेटे विश्वन को जहर दिया और फिर अपनी 15 वर्षीय बेटी श्रीथा की हत्या कर दी. इसके बाद मृतक चंद्रशेखर रेड्डी और उसकी पत्नी कविता ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लिया.