हम सबों को मिलकर संविधान की रक्षा करनी होगी

तिम्मापुर / हैदराबाद, 3 अप्रैल, 2025. वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा डीसीसी महासचिव, तिम्मापुर मंडल के समन्वयक सिराज हुसैन के नेतृत्व में तिम्मापुर मंडल में जय बापू, जय भीम और जय संविधान पदयात्रा निकाली गई. आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के महासचिव सिराज हुसैन ने सभी नागरिकों से डॉ बी आर अंबेडकर द्वारा लिखित संविधान की रक्षा करने और केंद्र सरकार के जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आग्रह किया .पदयात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि उन भाजपा नेताओं पर कार्रवाई की जानी चाहिए, जो भारतीय संविधान पर आए दिन अनुचित टिप्पणी कर रहे हैं.
गुरुवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिराज हुसैन के नेतृत्व में भारी संख्या में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जय बापू, जय भीम और जय संविधान कार्यक्रम के तहत तिम्मापुर मंडल के जुगुंडला, राम हनुमान और वत्नुरु गांव में पदयात्रा की. इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अपने अपने गांव में डॉ बी आर अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और बाद में घर-घर जाकर भारत के संविधान की रक्षा करने जागरूकता फैलाई . सिराज हुसैन ने कहा यह हम सब की जिम्मेदारी है. पदयात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ बी आर अंबेडकर के चित्रों के साथ एक रैली निकाली और जय बापू, जय भीम संविधान के नारे भी लगाए.