बिहार में कांग्रेस पार्टी का क्या है रोल

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी है कि जो गरीब लोग हैं, जो कमजोर लोग हैं, ईबीसी, ओबीसी, गरीब और दलित इन सब

बेगूसराय / पटना/ हैदराबाद, 7 अप्रैल, 2025. बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक दिवसीय बिहार का दौरा कई मायनों में खास है. बेगूसराय जिले में कन्हैया कुमार के साथ पलायन रोको, नौकरी दो ‘ पदयात्रा में शामिल होने के बाद राहुल गांधी पटना पहुंचे . पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में संविधान सुरक्षा के लिए आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कई अहम बातें कही . इस सभा में कांग्रेस के कई सीनियर लीडर और कार्यकर्ता मौजूद थे . यहां राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि बिहार में कांग्रेस का क्या रोल है ?
राहुल गांधी ने अपनी संबोधन के दौरान कहा कि मैं आपको बताता हूं कि बिहार में कांग्रेस पार्टी का क्या रोल है. कांग्रेस सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी है कि जो गरीब लोग हैं, कमजोर लोग हैं, ईबीसी, ओबीसी, गरीब, दलित इन सबको जोड़कर , इज्जत देकर आगे बढाने का काम कांग्रेस पार्टी को करना है. मैं आपसे पहला व्यक्ति हूं जो कहेगा कि कांग्रेस पार्टी ने जिस गति से और जिस मजबूती से बिहार में काम करना चाहिए था वह नहीं किया. हम अपनी गलती से सबक ले रहे हैं और अब हम बिना रुके पूरी शक्ति के साथ जो बिहार के गरीब और कमजोर लोग हैं, जो ओबीसी, ईबीसी, दलित और महादलित के लोग हैं उन सब को साथ लेकर हम आगे बढ़ेंगे.

गरीब जनता के लिए काम करें – राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले जिला अध्यक्ष चुने. यह बड़ा नहीं लेकिन जरूरी कदम है. इस लिस्ट में पहले दो तिहाई अपर कास्ट के लोग थे . अब दो तिहाई ईबीसी, ओबीसी, दलित और पिछड़ा वर्ग के लोग हैं. मैं और खड़गे जी ने बिहार की टीम को साफ बता दिया है कि आपका काम बिहार की गरीब जनता को प्रतिनिधित्व करने का है . आपका काम दलितों, गरीब, ओबीसी और महिलाओं को जगह देने का काम है . हम राजनीति में आपके लिए दरवाजा खोलना चाहते हैं. हम आपको राजनीति में लाकर बिहार का चेहरा बदलना चाहते हैं.