तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, पति – पत्नी और 2 बेटे की मौत

तालाब में गिरी स्कॉर्पियो, पति – पत्नी और 2 बेटे की मौत, गया में दर्दनाक हादसा

गया जिले के वजीरगंज में अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो कार तालाब में गिर गई, इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. ड्राइवर बच गया

गया/ हैदराबाद, 8 अप्रैल, 2025. बिहार के गया जिले के वजीरगंज में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में पति – पत्नी और उनके 2 बेटे शामिल है . बताया जा रहा है कि सभी लोग श्रद्धा क्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे. तभी सोमवार आधी रात के बाद करीब 2 बजे उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी दक्षिण गांव बाईपास स्थित तालाब में अनियंत्रित होकर गिर गई. स्कॉर्पियो में सवार 4 लोगों की डूबने से मौत हो गई. हालांकि, ड्राइवर किसी तरह बचकर निकल आया . मृतकों की पहचान खिजरसराय के शाहबाजपुर निवासी शशिकांत शर्मा(40), उनकी पत्नी रिंकी देवी (38), 17 साल के बेटा सुमित कुमार और छोटे बेटे बालकृष्ण (9) के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को तालाब से बाहर निकाला. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा के बाद शवों को परिजन को सौंप दिया. एक झटके में पूरा परिवार खत्म होने के बाद घर पर कोहराम मचा हुआ है.

बचाओ – बचाओ’ चिल्लाता रहा ड्राइवर ‘
हादसे में गाड़ी चला रहा युवक सिंटू कुमार किसी तरह बाहर निकल आया और’ बचाओ बचाओ चिल्लाता रहा. ड्राइवर की आवाज सुनकर पास के होटल संचालक ने गांव वालों को बुलाया और पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी से स्कॉर्पियो को बाहर निकाला, लेकिन तब तक गाड़ी में बैठे चारों की दम घुँटने से मौत हो चुकी थी.

गांव वालों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार
हादसे में मारे गए शशिकांत शर्मा अपने इलाके के प्रमुख किसानों में से एक थे . उनका बड़ा बेटा सुमित कुमार राजनीतिक रूप से सक्रिय था और भाजपा से जुड़ा हुआ था. गांव में एक ही परिवार के 4 लोगों की एक साथ मौत हो जाने से मातम पसर गया है . पोस्टमार्टम के लिए जब शवों को भेजा जा रहा था, तो ग्रामीणों ने एंबुलेंस रोक दी और कहा, ” जब परिवार में कोई बचा ही नहीं, तो पोस्टमार्टम किसके लिए? “

बूढी मां की बिगड़ी तबीयत

इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद शशिकांत की वृद्ध मां की तबीयत बिगड़ गई. प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल के बीच जांच जारी है.