हैदराबाद बम विस्फोट : तेलंगाना हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

हैदराबाद बम विस्फोट : तेलंगाना हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, 5 दोषियों की मौत की सजा बरकरार

हैदराबाद, 8 अप्रैल, 2025. तेलंगाना हाई कोर्ट ने हैदराबाद के दिलसुखनगर में 2013 के बम विस्फोट मामले के आरोपियों को मौत की सजा देने का फैसला को सही ठहराया है . हाई कोर्ट ने एनआईए की स्पेशल कोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए अख्तर, रहमान, यासीन भटकल, तहसीन अख्तर और एजाज शेख को मौत की सजा बरकरार रखी है. साल 2013 में हैदराबाद में दो बम विस्फोट हुए थे. इस घटना में 18 लोगों की मौत और सैकड़ो लोग घायल हुए थे. तेलंगाना हाई कोर्ट ने हैदराबाद ब्लास्ट मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाया. कोर्ट ने एनआईए यानि राष्ट्रीय जांच एजेंसी की स्पेशल कोर्ट के पहले दिए गए फैसले को ही बरकरार रखा है. कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए सभी पांच आरोपियों को मौत की सजा सुनाई है . वहीं विस्फोटक मामले पर अधिवक्ता शुजाउल्लाह खान ने कहा कि हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की तरफ से पारित निर्णय की पुष्टि की है, जो ट्रायल कोर्ट के निर्णय की पुष्टि करता है. उन्होंने कहा कि मैं अभियुक्त संख्या 6 का वकील हूं. हम निश्चित रूप से सुप्रीम कोर्ट में हाई कोर्ट आदेश के खिलाफ अपील करने जा रहे हैं, क्योंकि हम अपने देश की न्याय प्रणाली में विश्वास करते हैं. निश्चित रूप से हम अपील करेंगे. क्योंकि निर्णय की प्रति अभी तक नहीं दी गई है और न्यायाधीश ने कहा है कि प्रतियां शीघ्र उपलब्ध होगी.

21 फरवरी 2013 में हुआ था विस्फोट

21 फरवरी 2013 में तेलंगाना के हैदराबाद स्थित दिलसुखनगर में टिफिन बॉक्स में रखे बम ब्लास्ट से 18 लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना में 130 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. धमाके के आरोपियों ने एक ही दिन में यहां दो जगहों पर ब्लास्ट की घटना को अंजाम दिया था. इसमें पहला विस्फोट बस स्टैंड के ठीक सामने हुआ था और दूसरा धमाका लगभग 150 मीटर की दूरी पर हुआ, जिसे इंडियन मुजाहिदीन ने प्लांट किया था . इस घटना की जांच एनआईए ने की थी. जांच में पाया गया कि इन धमाकों का मास्टरमाइंड इंडियन मुजाहिदीन नामक आतंकी संगठन का यासीन भटकल हैं, जिसका साथ अन्य पांच आरोपियों ने दिया था. कोर्ट में बहस के बाद इन सभी आरोपियों को मौत की सजा सुनाई गई थी. जिसे हाई कोर्ट में चुनौती दी गई. हालांकि, कोर्ट ने एनआईए के फैसले को बरकरार रखा है. इस मामले में एक अन्य आरोपी सैयद मकबूल की मौत हो चुकी है.