तेलंगाना के भाजपा विधायक पर लगे गंभीर आरोप

तेलंगाना के भाजपा विधायक पर लगे गंभीर आरोप, पुलिस को आपराधिक धमकी, केस दर्ज

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की रिपोर्ट

तेलंगाना में भाजपा विधायक टी. राजा सिंह के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया गया है. मामला रामनवमी जुलूस पर टिप्पणी और जारी नियमों के उल्लंघन का है. राजा सिंह पर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल और पुलिस को धमकाने के आरोप लगे हैं.

गोशामहल / हैदराबाद, 10 अप्रैल, 2025. तेलंगाना में भाजपा के विधायक टी. राजा सिंह एक बार फिर. मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, रामनवमी के मौके पर आयोजित शोभा यात्रा के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान देने और नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तेलंगाना की गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक टी. राजा सिंह के खिलाफ 2 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं . भाजपा के फायरब्रांड नेता राजा सिंह पर आरोप है कि उन्होंने रामनवमी के मौके पर क्षेत्र में आयोजित शोभा यात्रा के दौरान असंसदीय भाषा का प्रयोग किया, पुलिस को धमकी दी और आयोजन के नियमों का पालन नहीं किया.

‘ किसी भी कार्यकर्ता पर डंडा चलाया तो…’

मंगलहाट पुलिस ने बुधवार को बताया कि राजा सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2)( आपराधिक धमकी ) सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत 6 और 8 अप्रैल को मामले दर्ज किए गए . मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शोभा यात्रा के दौरान विधायक राजा सिंह ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी थी कि यदि किसी कार्यकर्ता पर डंडा चलाया गया, तो वह उसी डंडे से जवाब देंगे. इस घटना के संबंध में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर ने शिकायत दर्ज कराई, जो उस समय सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था. पुलिस ने बताया कि स्थानीय अदालत से जांच की अनुमति मिलने के बाद भाजपा विधायक टी राजा सिंह पर यह केस दर्ज किया गया है.

पुलिस ने शुरू की दोनों ही मामलों की जांच

विधायक टी राजा सिंह पर इसके अलावा शोभा यात्रा में भारी वाहनों का इस्तेमाल और तेज ध्वनि संगीत बजाने जैसे उल्लंघनों के लिए भी दूसरा मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि इन गतिविधियों से आयोजन के लिए निर्धारित नियमों का खुला उल्लंघन हुआ है . बता दें कि, राजा सिंह पहले भी अपने विवादास्पद बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं. अपने विवादित बयानों की वजह से वह एक बार भाजपा से निलंबन भी झेल चुके हैं. हालांकि, तेलंगाना विधानसभा चुनावों से पहले उनका सस्पेंशन वापस ले लिया गया था .