वक्फ कानून का विरोध, मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा

वक्फ कानून का विरोध, मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा, प्रदर्शनकारियों ने बरसाए पत्थर, कई पुलिस जवान घायल

वक्फ कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में फिर हिंसा भड़की है. यहां प्रदर्शनकारियों के
पथराव में कई पुलिस जवान घायल हो गए हैं.

मुर्शिदाबाद/ हैदराबाद, 12 अप्रैल, 2025. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ कानून के विरोध में फिर से हिंसा भड़क उठी है. प्रदर्शनकारियों ने पथराव किए, वाहनों में आग लगाई. इस हिंसा में पुलिस के कम से कम 10 जवानों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है. हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक कुछ भी नहीं कहा गया है. इससे पहले 8 अप्रैल को भी यहां हिंसा भड़की थी. इधर, बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हिंसा को लेकर बंगाल की ममता सरकार पर तीखा हमला बोला है . भाजपा नेता ने कहा जो कुछ हो रहा है वह न केवल खतरनाक बल्कि शर्मनाक और अस्वीकार्य भी है. ममता बनर्जी को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए .

शमशेरगंज पुलिस क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मचाया उत्पात

मिली जानकारी के मुताबिक, मुर्शिदाबाद में वक्फ कानून के खिलाफ भड़की हिंसा में प्रदर्शनकारियों ने शमशेरगंज पुलिस इलाके में पुराना डाक बंगला, घोषपाडा एनएच रोड पर स्थित दर्जनों दुकानों को लूट लिया और उसे आग के हवाले कर दिया. कुछ प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि यहां खासकर कुछ हिंदुओं के घर को टारगेट कर
पथराव किया गया .

सरकारी बस में लगाई आग, बम भी फेंके

एम्बुलेंस, बाइक, पुलिस की गाड़ी को भी नहीं छोड़ा. सुति के साजूर चौराहे पर एक सरकारी बस में आग लगा दी गई. इतना ही नहीं, प्रदर्शन कर रहे लोगों में शामिल कुछ लोगों ने बम भी फेंके. साथ ही पुलिस पर पथराव किया गया . इस हिंसा में पुलिस के कई अधिकारी और सिपाही घायल हो गए.

पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, कई ट्रेन बाधित
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े . हजारों की संख्या में लोगों ने जमकर हंगामा किया . बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, मुर्शिदाबाद में भड़की
हिंसा के कारण कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है.

भाजपा नेता ने लिखा — ममता ने बंगाल को अराजकता में बदल दिया

मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने लिखा, ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल को अराजकता और जलती हुई गंदगी में बदल दिया है. राज्य अब संविधान से नहीं चल रहा — यह तुष्टीकरण, भीड़ और भय की राजनीति से चलता है. वहीं, डायमंड हार्बर के आमतला चौरस्ता में , वक्फ कानून के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भीड़ ने दिनदहाड़े पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की और पुलिस शांत, पंगु बन सब कुछ देखती रही. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुर्शिदाबाद हिंसा में शामिल प्रदर्शनकारियों में से 110 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.