हनुमान जयंती पर देशभर में निकाली जा रही शोभा यात्रा

हनुमान जयंती पर देशभर में निकाली जा रही शोभा यात्रा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कहीं कलश यात्रा निकाली जा रही है तो कहीं शोभा यात्रा निकाले जा रहे हैं. कोलकाता से लेकर लखनऊ, हैदराबाद, पटना, नागपुर और काशी तक पूरे देश में लाखों सनातनी सड़क पर भगवा ध्वज के साथ जुलूस निकल रहे हैं

नागपुर/ कोलकाता/ लखनऊ/ पटना/ हैदराबाद, 12 अप्रैल, 2025. देशभर में आज हनुमान जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई जा रही है . कोने कोने में बजरंगबली का जयकारा गूंज रहा है . श्रद्धालु भक्त हनुमान मंदिर में माथा टेक रहे हैं . कहीं कलश यात्रा निकाली जा रही है तो कहीं शोभा यात्रा. कोलकाता से लेकर लखनऊ, नागपुर, पटना, भुवनेश्वर से हैदराबाद तक पूरे देश में लाखों सनातनी सड़क पर भगवा ध्वज के साथ जुलूस निकाल रहे हैं.
पुलिस प्रशासन ने कोलकाता और हैदराबाद में कुछ शर्तों के साथ शोभा यात्रा निकालने की इजाजत दी है .

गोस्वामी तुलसीदास के हाथों स्थापित काशी में कई हनुमान मंदिर, इनमें बाल हनुमान लला भी

काशी में कई हनुमान मंदिर की स्थापना गोस्वामी तुलसीदास के हाथों होना बताया गया है. इनमें संकट मोचन मंदिर, बाल हनुमान मंदिर समेत 6 मंदिर हैं

संकट मोचन मंदिर शहर के दक्षिण काशी लंका क्षेत्र में है . हनुमान जी का दिव्य विग्रह है. यह मूर्ति तुलसीदास के तप और पुण्य से प्रकट हुई स्वयंभू मूर्ति है. इसमें हनुमान जी दक्षिण भुजा से भक्तों को अभय दान प्रदान कर रहे हैं .वाम भुजा उनके हृदय पर स्थित है. हनुमान जी के नेत्रों से भक्तों पर अनवरत कृपा बरसती है. शुरू में यह स्थान मढी के रूप में था.

बाल हनुमान
शहर के उत्तर में हनुमान जी का बाल विग्रह हनुमान फाटक पर स्थित है. तुलसीदास ने इसकी स्थापना की थी. उन्होंने कुछ वर्षों तक यहां रहकर श्री रामचरितमानस के कुछ कांडों की रचना भी की थी.

बाल रूप हनुमान
तुलसी घाट पर ही बाल रूप में हनुमान जी हैं, जो गुफा वाले हनुमान जी के नाम से प्रसिद्ध है. दक्षिण मुखी होने से यह अधिक प्रतापी माने गए हैं . मंदिर क्षेत्र में हनुमान जी के और भी विग्रह हैं.

गुफा वाले हनुमान जी
गंगा किनारे तुलसी घाट पर तुलसी मंदिर स्थित है. गोस्वामी जी की चरण पादुका, नाव और मानस की पांडुलिपियां आदि मौजूद हैं. यह तपो भवन 4 सौ साल से अधिक प्राचीन है

कोढ़िया हनुमान
करण घंटा क्षेत्र में सैकड़ो वर्ष प्राचीन वेदव्यास मठ था. इसी मठ में कुष्ठ व्यास या कोढ़िया हनुमान जी कुष्ठ रोगी बनकर कथा श्रवण करने आए थे .

नागपुर में हनुमान जयंती पर बजरंग दल की बाइक रैली
नागपुर में हनुमान जयंती पर बजरंग दल की ओर से बाइक रैली निकाली गई. इस रैली में सैकड़ो लोग शामिल हुए. जबकि राम दरबार के साथ हनुमान का बाल रूप रथ पर सुशोभित किया गया. वहीं, पटना के महावीर मंदिर में भक्तों का ताँता लग रहा. हनुमान जयंती के अवसर पर पटना के महावीर मंदिर में भक्तों का सैलाब देखा गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में भारी भीड़ में भक्त दर्शन और पूजा के लिए बेताब देखे गए.