इनकी जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए है — बक्सर में पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर जमकर बरसे खरगे

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
बिहार के बक्सर में रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि देश की एकता के लिए इंदिरा जी और राजीव गांधी शहीद हो गए.
बक्सर / हैदराबाद/ 20 अप्रैल, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. राजधानी पटना में महागठबंधन की दूसरी बैठक प्रस्तावित है. इससे पहले, रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बक्सर में एक जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला.
मोदी – नीतीश की जोड़ी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए खड़गे ने कहा कि इनकी जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए है. ये दोनों लोग बिहार और देश की भलाई के लिए नहीं, बल्कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और किसानों को बर्बाद करने के लिए एक साथ आए हैं.
नेशनल हेराल्ड केस पर बीजेपी को घेरा
नेशनल हेराल्ड मामले का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उस अखबार की शुरुआत की थी. इसके अलावा, नवजीवन अखबार और कौमी आवाज भी शुरू किया गया था. इन अखबारों को शुरू करने का मकसद देश को आजाद कराना, देश की जनता को जागरूक करना और लोगों की आवाज अंग्रेजी हुकूमत तक पहुंचाना था. नरेंद्र मोदी और अमित शाह इसी नेशनल हेराल्ड से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी को डराना चाहते हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं, न ही झुकने वाले.
क्या बोले खरगे
उन्होंने कहा, ” मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि आज गंगा जी के तट पर बसे इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला, जो संविधान के प्रोटेम अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह की भूमि है. बिहार की धरती पर महात्मा बुद्ध ने तपस्या कर ज्ञान पाया और आज सारी दुनिया उनके शांति संदेश को मानती है. गुरु गोविंद सिंह भी इसी धरती पर जन्मे और कई अन्य महापुरुष, समाज सुधारक भी बिहार की धरती से निकले. यहां से कई राजनेता भी आए, जिन्होंने देश के लिए अपना योगदान दिया. “
महात्मा गांधी को याद किया
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन भी बिहार के चंपारण से शुरू किया था. यह आंदोलन आजादी की लड़ाई से जुड़ा था. अब हम’ जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली को लेकर इस महान धरती पर आए हैं, जो हमारा सौभाग्य है.
‘ मां गंगा से मोदी सरकार ने किया धोखा…’ खड़गे का सवाल
नमामि गंगे योजना की 55 फ़ीसदी राशि खर्च क्यों नहीं हुई? नमामि गंगे योजना को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर गंभीर इल्जाम लगाए हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया कि ‘ नमामि गंगे’ योजना के तहत आवंटित धन की 55% राशि खर्च नहीं की गई जो इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा की सफाई की अपनी गारंटी भुला दी और सफाई के नाम पर मां गंगा को केवल धोखा दिया.