शराबबंदी से बाहर होगी ताड़ी, मिलेगा उद्योग का दर्जा, तेजस्वी यादव ने किया वादा

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर ताड़ी को शराबबंदी कानून से बाहर कर दिया जाएगा. ताड़ी व्यवसाय से जुड़े मुकदमे भी वापस लिए जाएंगे. पटना में ताड़ी व्यवसाय महाजुटान रैली में उन्होंने यह घोषणा की. तेजस्वी यादव ने कहा कि ताड़ी व्यवसाय को उद्योग का दर्जा दिया जाएगा

पटना/ हैदराबाद, 28 अप्रैल, 2025. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में ऐलान किया कि राज्य में महागठबंधन की सरकार बनने पर ताड़ी को शराबबंदी कानून से बाहर किया जाएगा . साथ ही ताड़ी व्यवसाय से जुड़े सभी मुकदमे भी वापस लिए जाएंगे . श्री कृष्णा स्मारक भवन सभागार में ताड़ी व्यवसायी महाजुटान रैली को संबोधित करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के कई इलाकों में ताड़ी का पारंपरिक व्यवसाय होता है. अगर आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन सत्ता में आता है, तो ताड़ी व्यवसाय को उद्योग का दर्जा दिया जाएगा, जिससे इससे जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी.

तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए कई बार उन्होंने और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने ताड़ी को शराबबंदी कानून से अलग करने की कोशिश की थी, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जिद के कारण यह संभव नहीं हो सका. उन्होंने दोहराया, ‘ इस बार सरकार बनी तो ताड़ी को शराबबंदी से अलग किया जाएगा.

पासी समाज के उत्पीड़न का आरोप
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि शराबबंदी कानून का सबसे ज्यादा असर पासी समाज पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि जाति आधारित गणना के मुताबिक, पासी समाज की जनसंख्या एक प्रतिशत है, लेकिन उनमें से 76% लोग भूमिहीन है . शराबबंदी के चलते उनके पारंपरिक पेशे को जबरन बंद कर दिया गया है.

तेजस्वी यादव ने शराबबंदी कानून पर उठाए सवाल
राजद नेता तेजस्वी यादव ने शराबबंदी के लागू होने के बाद गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोगों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई लोग जमानत तक नहीं करवा पा रहे हैं. उन्होंने पुलिस पर भी शराब के नाम पर लोगों के शोषण का आरोप लगाया. साथ ही नीतीश सरकार की ‘ नीरा ‘ योजना को असफल बताया.

तेजस्वी ने की पासी समाज से महा गठबंधन के समर्थन की अपील
अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने पासी समाज के लोगों से आह्वान किया कि वोट की चोट से सरकार बदलनी होगी. उन्होंने कहा कि ताड़ी व्यवसाय को उद्योग का दर्जा देने से इस पेशे से जुड़े लोगों को नई पहचान और आर्थिक मजबूती मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव ने ताड़ी रखने का पारंपरिक मिट्टी का बर्तन उठाकर समर्थन का संदेश दिया.