
एनडीए को उसी के प्लान से घेरेगा महागठबंधन , जानिए बैठक मे किन फसलों पर लगी मुहर ?
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
बिहार: पटना में रविवार को महागठबंधन की तीसरी बैठक हुई . बैठक में नेताओं ने फैसला किया कि बिहार के हर जिले और प्रखंड स्तर पर महागठबंधन संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करेगा. इस दौरान सीएम फेस को लेकर वीआईपी के मुकेश सहनी ने कहा कि जिसके पास जन समर्थन होगा वही नेता सीएम बनेगा
पटना/ हैदराबाद, 4 मई, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर महागठबंधन ने कमर कस ली है. रविवार को दीघा — आशियाना रोड स्थित एक रिसोर्ट में महागठबंधन की बैठक हुई. इस बैठक अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने की. जबकि वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआई ( माले ) के दीपांकर भट्टाचार्य, कांग्रेस के कृष्ण अल्लावारू, रालोसपा के रामनरेश पांडे सहित गठबंधन के सभी घटक दलों के प्रमुख नेता, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए. इस बैठक को ” संवाद कार्यक्रम ” का नाम दिया गया.
संयुक्त कार्यक्रम की घोषणा
बैठक में फैसला दिया गया कि बिहार के हर जिले और प्रखंड स्तर पर महागठबंधन संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करेगा. इसका उद्देश्य जनता से सीधा संवाद स्थापित कर चुनावी मुद्दों को उजागर करना और भाजपा– जेडीयू सरकार की ” विफलताओं ” को जनता के सामने लाना है. कार्यक्रमों की तारीखें समन्वय समिति की अगली बैठक में तय की जाएगी.
साफ एजेंडा: सत्ता परिवर्तन
मीडिया से बातचीत में राजद नेता मनोज झा ने कहा, ” हमारा एजेंडा बिल्कुल साफ है. बिहार में महागठबंधन की सरकार बनानी है. इस समय राज्य में जनता की नहीं, ब्यूरोक्रेसी की सरकार चल रही है. गांवों और पंचायतों में भ्रष्टाचार चरम पर है. ” सीएम उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा, ” महागठबंधन में कोई भ्रम की स्थिति नहीं है. जिसके पास जन समर्थन और ताकत होगी वही नेता आगे बढ़ेगा. “
अंदरखाने हुआ रणनीतिक मंथन
इस बैठक को विधानसभा चुनाव से पहले संगठन स्तर पर पहली बड़ी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है. जिला स्तर के नेताओं की पहली आमदनी इस बैठक में हुई, जिससे साफ है कि अब अभियान को जमीनी स्तर तक ले जाने की तैयारी है. महागठबंधन की यह तीसरी बड़ी बैठक थी और नेताओं ने संकेत दिया है कि आगामी कुछ हफ्तों में संगठनात्मक गतिविधियां और तेज होंगी.