फिलिस्तीन में अमन चैन और न्याय के लिए प्रस्तावित सम्मेलन को दिल्ली पुलिस ने क्यों रद्द कराया ?

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 23 मई, 2025. फिलिस्तीन में अमन चैन और न्याय स्थापित करने की मांग को लेकर 23 मई, शुक्रवार को आयोजित होने वाले इंटरनेशनल डेमोक्रेटिक राइट्स फाउंडेशन व ऑल इंडिया तंजीम — उलेमा — ए – इस्लाम और एमएसओ के द्वारा आहूत सम्मेलन को दिल्ली पुलिस ने रद्द करा दिया है. दरअसल, इस सम्मेलन को फिलिस्तीन के राजदूत एचई अब्दुल्ला अबू शावेश, सांसद चंद्रशेखर आजाद, सैयद रुहुल्ला मेहदी, जियाउर रहमान बर्क, इंडिया फिलिस्तीन सॉलिडेरिटी फोरम के अध्यक्ष तथा प्रसिद्ध समाजवादी डॉ सुनीलम, एआईटीयूआई के अध्यक्ष मुफ्ती अशफाक हुसैन कादरी, सामाजिक कार्यकर्ता सज्जाद हुसैन कारगिली, एमएसओ के अध्यक्ष डॉ. शुजात अली कादरी, आईडीआरएफ के डायरेक्टर डॉ. फैजुल हसन द्वारा संबोधित किया जाना था. हालांकि, दिल्ली पुलिस द्वारा पहला सम्मेलन की अनुमति दी गई थी, लेकिन रात में अचानक पुलिस द्वारा कार्यक्रम की दी गई अनुमति रद्द कर दी गई. दरअसल, फिलिस्तीन में इजरायल– अमेरिका द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई में अब तक इसराइल के मुताबिक, लगभग 53 हजार एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के मुताबिक, 4 लाख फिलिस्तीनी नागरिक शहीद और घायल हो चुके हैं एवं लाखों विस्थापित हुए हैं. क्या भारत सरकार ने फिलीस्तीन को लेकर कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने पर पाबंदी लगाई है? क्या फिलिस्तीन में भुखमरी के हालात पैदा हो जाने और संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा यह घोषणा किए जाने पर कि 48 घंटे के भीतर मेडिकल एड और खाद्य सामग्री नहीं पहुंचाई गई तो 14 हजार बच्चों की मौत हो जाएगी, भारत सरकार की यही प्रतिक्रिया उचित है? क्या आदेश पुलिस स्टेट में तब्दील हो गया है, जहां सवाल उठाने और विरोध करने की इजाजत नहीं दी जाती है? फिलीस्तीन को लेकर सरकार की नीति में बदलाव को लेकर विपक्ष सड़कों पर क्यों खड़ा नहीं है? बहुजन संवाद यूट्यूब चैनल एवं फेसबुक पेज पर 23 मई, शुक्रवार शाम 8 बजे इन्हीं मुद्दों पर चर्चा की गई. इस चर्चा में सामाजिक कार्यकर्ता जागृति राही, इंडिया फिलिस्तीन सॉलिडेरिटी फोरम के राष्ट्रीय महामंत्री फिरोज मीठीबोरवाला, वैश्विक विशेषज्ञ प्रोफेसर शिवाजी सरकार, बहुजन संवाद के संपादक डॉ आनंद प्रकाश तिवारी प्रमुख शामिल रहे. कार्यक्रम का संचालन इंडिया फिलिस्तीन सॉलिडेरिटी फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुनीलम ने किया.