बड़ोदरा में महिसार नदी पर बना पुल ढहा, 9 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
गुजरात के बड़ोदरा जिले में बड़ा हादसा हो गया है. महिसार नदी पर बड़ोदरा– आणंद को जोड़ने वाला पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया. पुल टूटने से कई वाहन नदी में गिर गए.
बड़ोदरा/ हैदराबाद, 9 जुलाई, 2025. गुजरात के बड़ोदरा जिले में बुधवार सुबह एक चार दशक पुराने फूल का हिस्सा गिर जाने से कई वाहन नदी में गिर गए. जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई. हालांकि , बचाव दल ने 9 अन्य को रेस्क्यू किया. यह पल बुधवार सुबह 7:30 बजे गिरा. गौरतलब है कि 9 सौ मीटर लंबा यह गंभीरा पुल बड़ोदरा और आणंद जिलों को जोड़ता है. पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया है . वहीं, हादसे में शिकार हुए लोगों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है. बड़ोदरा कलेक्टर अनिल धमेलिया ने कहा, घटना के बाद स्थानीय तैराक, नावें और नगर निगम की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची. बचाव टीम ने अब तक 9 शवों को बरामद किए हैं एवं 9 अन्य लोगों को रेस्क्यू भी किया है. कलेक्टर धमेलिया ने बताया कि यह पुल साल 1985 में बनाया गया था और समय-समय पर इसकी मरम्मत और रखरखाव का कार्य भी होता रहा है. इस हादसे के पीछे की असल वजह की जांच की जाएगी. इस बीच मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को घटनास्थल पर भेजने और पुल गिरने के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए हैं . शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 2 ट्रक, 1 बोलोरो एसयूवी और एक पिकअप वैन सहित कुल 4 वाहन पुल पार कर रहे थे, तभी अचानक यह पुल ढह गया. और वाहन महिसार
नदी में समा गए .
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
पीएम नरेंद्र मोदी जो इस समय विदेश में है, खबर सुनते ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की और कहा, गुजरात के बड़ोदरा जिले में एक पुल ढहने से हुई जनहानि बेहद दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रिय जनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना करता हूं. पीएम राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी और घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे . एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यह पुल न केवल ट्रैफिक दुर्घटनाओं के हिसाब से खतरनाक है, बल्कि यहां आत्महत्याएं की कई घटनाएं भी हो चुकी है. स्थिति के बारे में बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने अनदेखी की और कुछ नहीं किया. वहीं, कांग्रेस नेता अमित चावड़ा ने कहा, मुख्य गंभीरा पुल ढह गया. कई वाहन नदी में समा गए हैं और बड़ी संख्या में हताहत होने की आशंका है . प्रशासन को बचाव कार्य करते हुए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए.गुजरात हादसे में मौत की संख्या बढ़कर 10 हो गई है.