यौन उत्पीड़न से परेशान छात्र ने खुद को लगाई आग

ओड़िशा के बालेश्वर कॉलेज की B.Ed छात्रा नें शिक्षक द्वारा यौन उत्पीड़न और कॉलेज प्रशासन की चुप्पी से परेशान होकर प्रिंसिपल ऑफिस के सामने आत्महत्या करने की कोशिश की. 90% जल चुकी छात्रा का इलाज एम्स भुवनेश्वर में हो रहा है. इस मामले में आरोपी शिक्षक को जहां अरेस्ट कर लिया गया है, वहीं प्रिंसिपल सस्पेंड कर दिए गए हैं

भुवनेश्वर / बालेश्वर / हैदराबाद, 14 जुलाई, 2025. ओड़िशा के बालेश्वर जिले के चर्चित फकीर मोहन ऑटोनॉमस कॉलेज की एक B.Ed की छात्रा नें यौन उत्पीड़न और शिक्षण संस्थान की चुप्पी पर विरोध जताते हुए कॉलेज प्रिंसिपल चेंबर के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली. जिस कारण करीब 90% जल चुकी छात्रा का इलाज इस समय एम्स भुवनेश्वर में चल रहा है. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. सोमवार को यानी आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान छात्रा का हाल जाने अस्पताल पहुंचे. सूत्र बताते हैं कि इस छात्रा के साथ एक अन्य छात्र भी आंशिक रूप से घायल हो गया जो उसे बचाने की कोशिश कर रहा था. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, छात्रा पिछले कई हफ्तों से मानसिक रूप से परेशान थी. आरोप है कि इंटीग्रेटेड B.Ed डिपार्मेंट के प्रमुख समीर कुमार साहू छात्रा से बार-बार अनुचित मांगे कर रहे थे और ऐसा न करने पर नंबर काटने और फेल करने की धमकी दे रहे थे.

प्रिंसिपल और पुलिस से छात्रा ने की थी शिकायत
B.Ed छात्रा नें कॉलेज प्रिंसिपल और स्थानीय पुलिस दोनों से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. सिर्फ कॉलेज प्रशासन की ओर से एक आंतरिक जांच समिति बनी थी, मगर वह किसी तरह की कार्रवाई नहीं की. हालांकि, आत्मदाह से पहले छात्रा ने कॉलेज प्रिंसिपल से मुलाकात की थी.

अस्पताल पहुंचकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रा के सेहत की जानकारी ली
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज एम्स भुवनेश्वर पहुंचे और छात्रा के सेहत की जानकारी ली और बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री से भी बात की एवं छात्रा के बेहतर इलाज के निर्देश दिए. उधर, बालेश्वर एसपी राज प्रसाद ने बताया कि आरोपी शिक्षक को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया गया. इस बीच फॉरेंसिक टीम ने भी मामले की जांच की है. वहीं, आंतरिक रिपोर्ट की भी समीक्षा की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि B.Ed छात्रा की हालत अभी भी गंभीर है और जांच की जा रही है.

घटना के बाद आरोपी शिक्षक अरेस्ट

घटना के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक समीर कुमार साहू को अरेस्ट कर लिया जबकि कालेज प्रिंसिपल दिलीप कुमार घोष को सस्पेंड कर दिया गया है. इस बीच राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और इसकी जांच एक वरिष्ठ महिला अधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी कर रही है.

क्राइम ब्रांच टीम ने निलंबित प्रिंसिपल से की पूछताछ
बालेश्वर में एक कॉलेज छात्रा ने मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास किया जिससे राजभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. पीड़िता ने प्रोफेसर पर आरोप लगाया था और मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं को इसकी जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई.

हम किसी को नहीं छोड़ेंगे, पीड़िता का भाई बोला
पीड़िता के भाई के मुताबिक, वह पिछले 6 महीनों से मानसिक उत्पीड़न का शिकार थी . कॉलेज प्रशासन ने सब कुछ जानते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं की बल्कि उसे शिकायत वापस लेने की धमकी दी. सूत्र बताते हैं कि छात्रा ने 30 जून को शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी आज 2 जुलाई को कॉलेज परिसर में इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी शुरू किया था. बताया गया है कि उसने’ एक्स ‘ पर एक संदेश भी पोस्ट किया था, जिसमें न्याय की गुहार लगाई गई थी और मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक और अन्य अधिकारियों को टैग किया गया था.