लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका

‘ लैंड फॉर जॉब केस ‘ में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सर्वोच्च न्यायालय से राहत नहीं मिली है.
कोर्ट ने निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने से इनकार कर दिया.

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 18 जुलाई, 2025. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को ‘ लैंड फॉर जॉब केस ‘ में सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. देश की शीर्ष अदालत ने सीबीआई के जमीन के बदले नौकरी मामले में बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के खिलाफ निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने से इनकार कर दिया. जस्टिस एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति एन. कोटेश्वर सिंह की पीठ ने दिल्ली हाई कोर्ट से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ( सीबीआई) की प्राथमिकी रद्द करने की उनकी याचिका पर सुनवाई में तेजी लाने को कहा. कोर्ट ने मामले में लालू प्रसाद यादव को निचली अदालत में पेशी होने से छूट दे दी . दरअसल, पिछले 29 मई को दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा था कि कार्यवाही पर रोक लगाने का कोई ठोस कारण नहीं है. हाई कोर्ट ने एजेंसी की प्राथमिकी रद्द करने की यादव की याचिका पर सीबीआई को नोटिस जारी किया और आगे की सुनवाई 12 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी.

क्या है लैंड फॉर जॉब घोटाला.? बता दें कि, यह मामला 2004 से 2009 के बीच
लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री रहने के दौरान मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित भारतीय रेलवे के पश्चिम मध्य क्षेत्र में ग्रुप डी की नियुक्तियों से संबंधित है. मामले में लालू प्रसाद पर वर्ष 2004 से 2009 तक यूपीए सरकार में रेल मंत्री रहते हुए उनके और परिवार द्वारा जमीन के बदले लोगों को नौकरी देने का आरोप है. सीबीआई द्वारा मामले में लालू प्रसाद के साथ उनके परिवार पर भी केस दर्ज किया गया है और आरोप है कि लालू प्रसाद ने परिजनों के नाम पर नौकरी के बदले जमीनें रिश्वत में ली थी. लालू प्रसाद पर आरोप है कि उन्होंने रेल मंत्री रहते हुए ही बिना कोई विज्ञापन जारी कर रेलवे ग्रुप– डी की नौकरी के लिए कई लोगों की भर्ती की थी.

2004 से 2009 तक लालू प्रसाद यादव यूपीए -1 में रेल मंत्री थे.-लालू प्रसाद के मंत्री रहते रेलवे में ग्रुप डी में नियुक्तियां की गई.- अभ्यार्थियों से नौकरी के बदले घूस में जमीन ली गई. – लालू प्रसाद परिवार को 7 जगह पर जमीनें मिली — ईडी की चार्ज शीट— लालू प्रसाद परिवार पर 600 करोड़ रुपए की मनी लांड्रिंग का आरोप है.