
बिहार विधानसभा के बाहर हंगामा, सदन में चौथे दिन भी काले कपड़े में आए विधायक
नई दिल्ली से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
विधानमंडल के मानसून सत्र के चौथे दिन भी विपक्ष के विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे और पोस्टर लेकर विधानसभा के गेट पर बैठ गए . एसआईआर को रोकने की मांग को लेकर विपक्षी विधायकों ने जमकर नारेबाजी की.

नई दिल्ली/ पटना/ हैदराबाद, 24 जुलाई, 2025. बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विशेष मतदाता पुनरीक्षण पर सड़क से सदन तक विपक्ष का हल्लाबोल जारी है. विधानमंडल के मानसून सत्र के चौथे दिन भी विपक्ष के विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे और पोस्टर लेकर विधानसभा गेट पर बैठ गए . एसआईआर को रोकने की मांग को लेकर विपक्षी विधायकों ने जमकर नारेबाजी की. सदन शुरुआत होते ही सदन के भीतर भी विपक्षी सदस्य शोरगुल मचाने लगे. स्पीकर नंदकिशोर यादव ने सदस्यों को शांत करा कर बैठाया. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि सदन में इस पर चर्चा होना चाहिए. विपक्षी विधायकों ने गुरुवार को सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया. विधायकों का कहना है कि सदन के सभी कार्यवाही को तत्काल रोककर 1 घंटे एसआईआर पर चर्चा कराया जाए. विपक्षी विधायक हाथों में बैनर पोस्टर लेकर बवाल करते देखे गए . नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि यह अंतिम सत्र है. यह जनता तय करेगी की कौन आएगा और कौन नहीं आएगा. जनता लोकतंत्र में मालिक है. वोटर लिस्ट से उनका नाम नहीं काटा जाए. सब लोग बिहार के विकास के मकसद से सदन में आते हैं. बिहारी की बात आई तो तेजस्वी बोले — इलेक्शन कमिशन कौन होता है बाहरी– भीतरी तय करने वाला. यह तो सरकार तय करेगी . अगर घुसपैठिया आया है तो इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है. 11 साल से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं. कोई दूसरे देश से कैसे आया यह उन्हें देखना चाहिए. तेजस्वी यादव के मुताबिक, अब तो जेडीयू के
अंदर से इस पर सवाल उठने लगे हैं. जीडीयू के एक सांसद भी इस मुद्दे पर हमारे साथ हैं . वहीं, चंद्रबाबू नायडू ने भी सवाल उठाया है. मुख्यमंत्री को यह आश्वासन देना चाहिए कि किसी भी नागरिक का नाम वोटर लिस्ट से नहीं कटेगा.
बिहार विधानसभा में आई मारपीट की नौबत, राजद और भाजपा विधायकों में धक्कामुक्की
बिहार विधानसभा में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के संबोधन के दौरान माहौल गर्मा गया. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से उनकी बहस हुई. फिर राजद और भाजपा के विधायक आपस में उलझ गए . मारपीट की नौबत आते देख स्पीकर नंदकिशोर यादव ने विधानसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
एसआईआर पर चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए एक माह की मोहल्लत
आयोग ने कहा है कि किसी भी मतदाता अथवा मान्यता प्राप्त किसी भी राजनीतिक दल को 1 अगस्त से 1 सितंबर तक 1 महीने का समय मिलेगा ताकि वे किसी भी पात्र मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में शामिल करवा सके.