डॉ. आर गोपालाकृष्णन सिकंदराबाद मंडल के नए मंडल रेल प्रबंधक, कार्यभार संभाला

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
हैदराबाद, 25 जुलाई, 2025. 1998 बैच के भारतीय रेल यातायात सेवा( आईआरटीएस ) अधिकारी डॉ. आर गोपालाकृष्णन ने 24 जुलाई गुरुवार को दक्षिण मध्य रेलवे के सिकंदराबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक( डीआरएम) का पदभार संभाल लिया है. इस नियुक्ति से पहले डॉ आर गोपालकृष्णन सिकंदराबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक का कार्यभार संभाल रहे थे. वे आईआईटी दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन संकाय ( एफएमएस ) से एमबीए और सिंगापुर प्रौद्योगिकी एवं डिजाइन विश्वविद्यालय( एसयूटीडी ) से इंजीनियरिंग सिस्टम एवं डिजाइन में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है. उनकी व्यावसायिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि तकनीकी विशेषज्ञता, रणनीतिक सोच और नेतृत्व के एक मजबूत मिश्रण को दर्शाती है. डॉ आर गोपालकृष्णन ने अपने करियर में कई प्रमुख पदों पर कार्य किया है. उन्होंने अत्यधिक जटिल मुंबई उपनगरीय रेलवे प्रणाली के संचालन और वाणिज्यिक कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रबंध किया तथा रेलवे बोर्ड में देशव्यापी पेट्रोलियम लॉजिस्टिक्स का नेतृत्व भी किया. उनके करियर का एक प्रमुख मील का पत्थर भारतीय रेलवे की डेटा एनालिटिक्स इकाई की स्थापना थी, जिसका नेतृत्व उन्होंने 5 वर्षों तक किया. उनके नेतृत्व में, इकाई ने भारतीय रेलवे के लिए एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा रणनीति विकसित की तथा यात्री सेवाओं, माल ढुलाई संचालन, कर्मचारी अनुकूलन, बुनियादी ढांचा नियोजन, सामग्री प्रबंधन और ट्रैक प्रबंधन जैसे विविध क्षेत्रों में कई नवीन और उपयोगी योजनाओं को लागू किया. इन पहलो ने रेलवे संचालन के मूल में डेटा — संचालित निर्णय लेने में मदद की है. भारत के पहले राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण ( एनएचटीएस ) की अवधारणा में उनका महत्वपूर्ण योगदान था, जिसमें भारत के राज्यों में 4 लाख 80 हजार से अधिक परिवार शामिल थे . इसे वर्तमान में राष्ट्रीय सर्वेक्षण संगठन द्वारा कार्यान्वित क्या जा रहा है. उन्होंने कम मांग वाले मार्गों पर माल ढुलाई किराया रियायतों के लिए एल्गोरिदम विकास, आरक्षित ट्रेनों में सीट क्षमता अनुकूलन और स्वचालित माल टर्मिनल आवंटन जैसे परिचालन विश्लेषणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने रेलवे जंक्शन क्षमता का आकलन करने के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की समिति में भी काम किया है. डॉ. आर गोपालकृष्णन प्रशासन से परे एक सम्मानित शिक्षाविद और शोधकर्ता हैं. उन्होंने शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में कई शोधपत्र प्रकाशित किए हैं और भारतीय विज्ञान संस्थान( आईआईएससी ), बेंगलुरु में परिवहन मांग मॉडलिंग पर डॉक्टरेट स्तर के पाठ्यक्रम पढ़ाए हैं . वे एमआईटी — यूएसए स्थित इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम्स लैब और आईआईएससी के इंफ्रास्ट्रक्चर, सस्टेनेबल ट्रांसपोर्टेशन एंड अर्बन प्लानिंग सेंटर ( सीआईएसटीयूपी ) में अतिथि शोध पदों पर कार्यरत रहे हैं.