राहुल गांधी और तेजस्वी की बिहार यात्रा शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा की शुरुआत सासाराम से हो गई है. राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अगले 15 दिनों तक बिहार के 25 जिलों में घूमकर एसआईआर के खिलाफ हल्ला बोलेंगे. लालू यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे…

सासाराम/ हैदराबाद, 17 अगस्त, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की वोट अधिकार यात्रा बिहार के सासाराम से शुरू हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस यात्रा को रवाना किया . इससे पहले सभी नेताओं ने सासाराम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया. बिहार चुनाव से पहले चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन एसआईआर में कथित विसंगतियों का मुद्दा उठाकर महागठबंधन के नेता जनता के बीच जाएंगे. सासाराम के सुअरा हवाई अड्डा मैदान में रविवार को जनसभा का आयोजन किया गया. सभा स्थल पर भारी भीड़ जुटी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष विमान से गया जी से एयरपोर्ट पहुंचे, वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा सासाराम आए . कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी, सीपीआई माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई नेता मंच पर मौजूद रहे. महागठबंधन के कार्यक्रम में बिहार के अलग-अलग जिलों से लोग पहुंचे. सभा में वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाए गए.

चोरों को हटाइए, बीजेपी को भगाइए – लालू यादव
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने छोटे से संबोधन में कहा,” चोरों को हटाइए, बीजेपी को भगाइए, हमें जिताइए. चोरी करने वाली भाजपा को किसी भी कीमत पर आने नहीं देना है. सब लोग एक हो जाइए. राहुल गांधी, तेजस्वी यादव सब मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेंकिए. लोकतंत्र को मजबूत बनाइए. “लालू यादव ने मंच से अपना पुराना अंदाज भी दिखाया और कहा,’ लागल — लागल झुलनिया में धागा, बलम कोलकाता चला.”

बीजेपी चुनाव चोरी करवा रही – राहुल गांधी
सासाराम में मंच से संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा देश में चुनावों की चोरी कर रही है. वोट चोरी करके बीजेपी लोकसभा और विधानसभा के चुनाव जीत रही है . उन्होंने कहा कि एसआइआर के जरिए अभी बिहार में भी चुनाव चोरी का प्रयास किया जा रहा है. मगर हम ऐसा नहीं होने देंगे. राहुल गांधी ने महाराष्ट्र और कर्नाटक का उदाहरण दोहराया. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव 2024 के 4 महीने बाद हुए विधानसभा चुनाव में एक करोड़ वोटर जादू से बढ़ गए. उन्होंने आरोप लगाया कि इन नए वोटरों के जरिए बीजेपी ने महाराष्ट्र चुनाव जीत लिया. राहुल गांधी ने कहा कि हमने जांच की तो पता चला कि लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक की एक लोकसभा सेट की एक विधानसभा में एक लाख वोट चोरी हुए. यह सीट बीजेपी ने जीत ली थी.

आपके वोट की चोरी नहीं, डकैती हो रही है – तेजस्वी यादव

राजद नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रहे एसआइआर पर निशाना साधते हुए कहा कि आपके वोट की चोरी नहीं हो रही, बल्कि डकैती डाली जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहारी को चूना लगाना चाहते हैं. तेजस्वी ने कहा कि यह बिहार है, यहां चूना खैनी के साथ रगड़ दिया जाता है. बिहार भले ही गरीब है, लेकिन यहां का बच्चा-बच्चा तीखी मिर्ची वाला काम करते हैं. हम बेमानी नहीं होने देंगे. तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर उनकी योजनाओं की नकल करने का आरोप लगाया. तेजस्वी ने कहा, ” ₹1500 रुपए पेंशन बढ़ेंगे, सरकार ने 1100 बढ़ा दी. डोमिसाइल, फ्री बिजली, एग्जाम फॉर्म फ्री जैसी घोषणाओं की भी नीतीश सरकार ने चोरी की. 20 साल नीतीश को, 11 साल मोदी को देख लिया, अब खटारा सरकार को बदलने का काम करना है.

तेजस्वी ने खड़गे को अभिभावक और राहुल को बड़ा भाई बताया

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना अभिभावक और राहुल गांधी को बड़ा भाई बताया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार को नाक में दम कर रखा है. तेजस्वी यादव ने राहुल गांधी समेत महागठबंधन के शीर्ष नेताओं को इस यात्रा को निकालने पर धन्यवाद भी दिया.