सिक्योरिटी तोड़कर राहुल को किस करने दौड़ा युवक

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट

राहुल गांधी ने कहा कि उनकी यात्रा को जिस तरह का जन समर्थन मिल रहा है, वह इस बात का सबूत है कि बिहार की जनता वोट चोरी के खिलाफ एकजुट है. राहुल ने कहा कि जब हमने वोट चोरी का मुद्दा उठाया तो करोड़ बिहारी हमारे साथ खड़े दिखे. यही कारण है कि लोग बड़ी संख्या में यात्रा से जुड़ रहे हैं

पूर्णिया/ पटना/ हैदराबाद, 24 अगस्त, 2025. बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के 8वें दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव बाइक पर नजर आए . राहुल गांधी ने पूर्णिया में बुलेट चलाई और उनके पीछे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम बैठे दिखे. दोनों नेताओं ने करीब 2 किमी तक बाइक यात्रा की और बीच रास्ते एक ढाबे पर रुककर चाय पी. इस दौरान सुरक्षा में चूक भी देखने को मिली जब एक युवक अचानक सुरक्षा घेरा तोड़कर राहुल गांधी की बाइक तक पहुंच गया और उन्हें किस करने की कोशिश करने लगा. हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत युवक को हटाकर हिरासत में ले लिया.

राहुल गांधी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि बिहार की जनता वोट चोरी के खिलाफ खड़ी है. उन्होंने कहा,’ हमने जो कहा कि वोट चोरी हुई है, उस पर करोड़ों बिहारी यकीन करते हैं. यही वजह है कि यात्रा को इतना समर्थन मिल रहा है. चुनाव आयोग की जिम्मेदारी सही वोटर लिस्ट देना है, लेकिन महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में उसने यह काम किया. हम दबाव बना रहे हैं कि चुनाव आयोग का रवैया बदले. हम बिहार में वोट चोरी होने नहीं देंगे.’ राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यहां छोटे-छोटे बच्चे भी उनके कान में आकर कहते हैं – ‘ वोट चोर, गद्दी छोड़.’ उन्होंने इसे बिहार की राजनीतिक जागरूकता का सबूत बताया.

चुनाव आयोग बन गया है गोदी आयोग

वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा,’ अब चुनाव आयोग, चुनाव आयोग नहीं रहा, यह ‘ गोदी आयोग ‘ बन गया है. वह बीजेपी का सेल और कार्यकर्ता बनकर काम कर रहा है. तेजस्वी यादव ने कहा, लोकतंत्र, संविधान और वोट के अधिकार को बचाने के लिए ही यह यात्रा निकाली गई है . गांव — गांव जाकर यह साफ दिखा है कि चुनाव आयोग की साख अब खत्म हो चुकी है.