हैदराबाद सहित कई जिलों में एसीबी के छापे

तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ( एसीबी ) ने मंगलवार को मणिकोंडा इलाके में बिजली विभाग के एक अधिकारी के 18 ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान अधिकारियों ने 2 करोड़ रुपए कैश और कई बेशकीमती भवन और जमीन के दस्तावेज बरामद किए हैं .

हैदराबाद, 17 सितंबर 2025. खबर लिखे जाने तक एसीबी की कार्रवाई चल रही थी. एसीबी ने आरोपित एडीई अंबेडकर को अरेस्ट कर लिया है. एसीबी अधिकारियों को बिजली विभाग के मणिकोंडा में कार्यरत एक सहायक संभागीय अभियंता ( एडीई ) अंबेडकर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायतें मिली थी. इसी सिलसिले में एसीबी ने मंगलवार सुबह हैदराबाद के कोठागुड़ा स्थित अंबेडकर के आवास सहित कई जगहों पर छापा मारा . एसीबी ने एडीई के मणिकोंडा स्थित उनके घर, उनके रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों के घरों के साथ-साथ गच्चीबावली, मधापुर, हैदराबाद, रंगारेड्डी, मेडक और नालगोंडा जिलों के विभिन्न इलाकों सह 18 ठिकानों पर छापेमारी की . एसीबी अधिकारी अन्य जिलों में भी बिजली विभाग के एडीई अंबेडकर की संपत्तियों की तलाशी ले रहे हैं. एसीबी के अधिकारियों ने गच्चीबावली अंबेडकर के बेनामी सतीश के घर की भी तलाशी ली है. यहां अधिकारियों ने 2 करोड रुपए कैश बरामद किए हैं. इसके अलावा गच्चीबावली में एक महंगी इमारत होने के भी दस्तावेज मिले हैं. उन्होंने बताया कि आरोपित बिजली विभाग के एडीई अंबेडकर को गिरफ्तार कर लिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि अंबेडकर के पास सूर्यपेट जिले के पेन पहाड़ में 10 एकड़ कृषि भूमि और 1000 गज में एक फार्महाउस है. एसीबी अधिकारियों ने इन तलाशियों में मिले कृषि भूमि के दस्तावेज जब्त किए हैं. एसीबी के डीसीपी आनंद ने बताया कि तलाशी पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सामने आएगी. इस मामले में और कौन-कौन शामिल हैं, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है .