आरक्षण को लेकर तेलंगाना बंद…

बंद का आयोजन पिछड़ी जाति संयुक्त कार्रवाई समिति( बीसी – जेएसी ) ने किया था. इसे सत्ताधारी कांग्रेस, विपक्ष बीआरएस और बीजेपी का समर्थन मिला.

हैदराबाद, 19 अक्टूबर, 2025. तेलंगाना में पिछड़ी जातियों के लिए 42% आरक्षण को लेकर शनिवार को पूरे राज्य में बंद असरदार रहा. पिछड़ी जातियों के संगठन और प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के समर्थन से आयोजित इस बंद के कारण राज्य भर में व्यवसायिक प्रतिष्ठान, शैक्षणिक संस्थान और सार्वजनिक परिवहन प्रभावित रहे. बंद का आयोजन पिछड़ी जाति संयुक्त कार्रवाई समिति ( बीसी – जेएसी ) ने किया था. जिसे सत्ताधारी कांग्रेस, विपक्षी बीआरएस और भाजपा का पूरा समर्थन प्राप्त था. बंद के दौरान हैदराबाद और अन्य प्रमुख शहरों में कई जगह प्रदर्शनकारी दुकान और पेट्रोल पंप पर हमला और हंगामा करते देखे गए. सरकारी बस सेवा भी प्रभावित रही. तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (आरटीसी ) की बसें डिपो में रही, जिससे दिवाली के लिए यात्रा करने वाले लोग बस स्टैंड और चौक- चौराहों पर फंस गए. बंद के दौरान अधिकांश दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और स्कूल कॉलेज बंद रहे. आयोजकों ने आपात और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी क्षेत्रों में बंद सफल रहने की बात कही है. बता दें कि, यह विरोध हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर के आदेश के बाद शुरू हुआ, जिसमें स्थानीय निकायों में पिछड़ी जातियों के लिए 42% आरक्षण की शासकीय योजना पर रोक लगा दी गई थी. सुप्रीम कोर्ट ने इस रोक को उलटने से इनकार कर दिया, जिससे बीसी संगठनों और उनके राजनीतिक सहयोगियों में गुस्सा फूट पड़ा . कांग्रेस, बीआरएस और बीजेपी के नेता और मंत्री भी इस बंद प्रदर्शन में शामिल हुए, कांग्रेस के पोनन्म प्रभाकर, वाकिटी श्री हरि, सीतक्का, कोंडा सुरेखा और सांसद अनिल यादव ने हैदराबाद में, जबकि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव सत्तूपल्ली में विरोध प्रदर्शन किया. वहीं, विपक्ष विपक्ष के बीआरएस नेता और पूर्व मंत्री भी रेलिया में शामिल रहे, जबकि भाजपा के एटाला राजेंद्र जुबली बस स्टैंड पर आंदोलन में शामिल रहे. कांग्रेस नेताओं ने बंद को शांतिपूर्ण बताया. तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ और अन्य नेताओं ने बीसी आरक्षण के समर्थन में संपूर्ण एकजुटता का संदेश बताया. दूसरी तरफ तेलंगाना जागृति के संस्थापक के कविता ने सरकार की आलोचना की और कहा, ” चाहे कांग्रेस हो या बीजेपी, बीसीएस को भ्रमित करना बंद करना चाहिए. चुनाव ना हो तो भी कोई बात नहीं, पहले आरक्षण सुनिश्चित करें. ” कांग्रेस के मंत्री वी श्री हरि ने कहा ” 42% आरक्षण के लिए कांग्रेस सरकार प्रतिबद्ध हैं और रहेगी. पीएम नरेंद्र मोदी से हमारी मांग है कि बीसीएस को 42% आरक्षण देने की प्रक्रिया पूरी करें . ” वहीं, मंत्री दानासरी सीतक्का ने कहा, ” यह बंद तेलंगाना के सभी बीसीएस का सामूहिक प्रयास से सफल हुआ है. हमने विधानसभा में प्रस्ताव रखा, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. हमारे लोग चाहते हैं कि 42% आरक्षण तुरंत लागू किया जाए और हम इसी के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं.