योगी आदित्यनाथ का बिहार में क्या काम ?

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

सांसद और राजद नेता मीसा भारती ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार दौरे पर कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आखिर बिहार में क्या काम है ?

पटना/ दानापुर/ हैदराबाद, 26 अक्टूबर, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है. सत्ता की कुर्सी हासिल करने के लिए राजनीतिक दलों के बीच आरोप – प्रत्यारोप का दौर भी खूब चल रहा है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन बिहार की शुरुआत पिछले दिनों कर्पूरी ठाकुर की धरती समस्तीपुर से की. वहीं, महागठबंधन की ओर से राजद नेता तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित किए जाने के बाद राजद नेता और सांसद मीसा भारती का यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार दौरे को लेकर बड़ा बयान सामने आ रहा है. मीसा भारती ने मुख्यमंत्री योगी पर करारा तंज कसते हुए कहा कि आखिर उनका बिहार में क्या काम है? आरजेडी सांसद मीसा भारती ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन जातियों को उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ गालियां देते हैं, अपशब्द कहते हैं उसी से बिहार में वोट मांगते हैं ? उन्होंने कहा कि दानापुर की जनता ने मन बना लिया है. इस सीट पर महागठबंधन की उम्मीदवार की जीत निश्चित है.
मीसा भारती ने कहा कि एनडीए गठबंधन में अंदरूनी तौर पर इस समय कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है. उन्होंने एनडीए पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि यहां के युवाओं को रोजगार चाहिए. बिहार में पलायन को रोकने की जरूरत है लेकिन एनडीए की किसी भी चुनावी मंच से बिहार में फैक्ट्री लगाने या कारोबार बढ़ाने की घोषणा होते हुए सुनाई नहीं दे रही .

एनडीए का चेहरा कौन होगा: तेजस्वी यादव

राजद के वरिष्ठ नेता तथा महागठबंधन के सीएम फेस घोषित होने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बात को लेकर कोई अस्पष्टता नहीं रही है. हम हर मामले में स्पष्ट है. लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर एनडीए का चेहरा कौन होगा? अभी तक, कोई जानकारी नहीं मिल रही है और ना ही कोई विजन सामने आया है. वहीं, अमित शाह के बयान से यह साफ है कि नीतीश कुमार तो मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे.