होगा लोहिया कौशल विकास केंद्र का शिलान्यास

हैदराबाद, 21 मार्च 2026. डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन, दिल्ली द्वारा झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले स्थित बहरागोड़ा में डॉ राममनोहर लोहिया चैतन्यता एवं कौशल विकास केंद्र के भूमि पूजन सह शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किए जाने की सूचना प्राप्त है. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विशिष्ट समाजवादी चिंतक तथा सेवा निवृत्ति न्यायाधीश एवं लोहिया विचार मंच, हैदराबाद के अध्यक्ष टी. गोपाल सिंह करेंगे. समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की 116 वीं जयंती के अवसर पर बहरागोड़ा में 23 मार्च( सोमवार) को यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. यह कौशल विकास केंद्र डॉ लोहिया के समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाने एवं युवाओं को कौशल से लैस करने के लिए प्रशिक्षण देने सहित रोजगार के भी अवसर मुहैया कराने में मददगार साबित होगा. साथ ही यहां डॉ. लोहिया एवं अन्य प्रखर समाजवादी नेताओं पर रिसर्च करने वाले रिसर्चरों के लिए भी उन्नत पुस्तकालय एवं अन्य जरूरी सामग्रियों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. कार्यक्रम के लिए राँची ( झारखंड) रवाना होने से पूर्व लोहिया विचार मंच , हैदराबाद के अध्यक्ष टी. गोपाल सिंह ने बताया कि डॉ राममनोहर लोहिया और बदरीविशाल पित्ती का सपना था कि भारत के सुदूर में समाजवादी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास का एक केंद्र बने, ताकि ग्रामीण विकास और लोगों को स्वरोजगार का अवसर प्राप्त हो सके. हालांकि, डॉ लोहिया की असामयिक निधन के बाद सामाजिक स्वावलंबन का यह प्रकल्प पूरा नहीं हो सका. लेकिन उनकी मृत्यु के 59 साल बाद ही सही, डॉ राम मनोहर लोहिया रिसर्च फाऊंडेशन, दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह और फाउंडेशन से जुड़ी सदस्यों के अथक परिश्रम से डॉ लोहिया का यह सपना अब पूरा हो रहा है. बता दें कि इस समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के उद्योग एवं श्रम नियोजन व कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव होंगे वहीं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि झारखंड के पूर्व मंत्री डॉ दिनेश कुमार षडंगी और रामचंद्र केसरी और साथ में होंगे बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, महाराजा मयूरभंज एवं ओड़िशा के पूर्व मंत्री प्रवीण चंद्र भंजदेव, लोक बंधु राज नारायण के लोग ट्रस्ट के अध्यक्ष सैयद शाहनवाज कादरी, घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजवादी विचारक गोविंद अग्रवाल दोदराजका जी. कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि अव्यक्त भी होंगे. जानकारी के मुताबिक, भूमि पूजन एवं शिलान्यास समझ में देश के विभिन्न राज्यों से समाजवादी विचारक एवं बुद्धिजीवियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी. इनमें जैविक खेती अभियान, तिरहुत, बिहार के संस्थापक क्रांति प्रकाश, सतना के अधिवक्ता सुरेंद्र शर्मा, इंदौर से रामबाबू अग्रवाल, जौनपुर से परवेज आलम सिद्दीकी, कोलकाता से अमिताभ चक्रवर्ती एवं रमेश कुमार लोधा सहित अनेक गणमान्य विशिष्ट व्यक्ति मौजूद रहेंगे.