कब्रिस्तान से चल रहा था गैस सिलेंडरों का काला कारोबार, 10 आरोपी गिरफ्तार, कई वाहन व 414 सिलेंडर जब्त
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट
हैदराबाद में एलपीजी सिलेंडरों की काला कारोबार से जुड़े एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है. यहां की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो कब्रिस्तान को गोदाम बनाकर अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा कर ऊंची कीमतों पर बेच रहे थे.
हैदराबाद, 31 मार्च 2026. कब्रिस्तान में छिपा था पूरा गैस रैकेट
पुलिस के मुताबिक, यहां के जुबली हिल्स टास्क फोर्स और बंजारा हिल्स पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बंजारा हिल्स इलाके के एक कब्रिस्तान से आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया और मौके से बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिससे पूरे इलाके में हडकंप मच गया.
414 से ज्यादा सिलेंडर बरामद, लाखों का माल जब्त
पुलिस ने कुल 414 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 21.88 लाख रुपए बताई जा रही है. जब्त सिलेंडरों में घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं, जो अलग-अलग क्षमता के थे .
सिलेंडरों का पूरा हिसाब
कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कैटेगरी के सिलेंडर मिले– 47 किलो के भरे हुए सिलेंडर, 19 किलो भरे और खाली सिलेंडर, साथ ही 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर भी बड़ी संख्या में मौजूद थे. इससे स्पष्ट है कि यह रैकेट लंबे समय से संगठित होकर काम कर रहा था.
11 गाड़ियां भी पुलिस ने की जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 11 वाहन भी जब्त किए हैं, जिसका इस्तेमाल सिलेंडरों के ट्रांसपोर्ट में किया जा रहा था . इनमें डीसीएम, बोलेरो, टाटा एसीई और अन्य छोटे– बड़े वाहन शामिल हैं.
कौन है इस रैकेट के मास्टरमाइंड ?
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी मोहम्मद आमिर है, जो हैदराबाद के पास शमशाबाद इलाके में ” मेट्रो गैस एजेंसी ” संचालित करता है. बताया जा रहा है कि वह कब्रिस्तान को अवैध स्टोरेज के रूप में इस्तेमाल करता था और वहां से सिलेंडर ऊंचे दामों पर बाजार में सप्लाई करता था.
जांच जारी और खुलासों की उम्मीद
पुलिस अभी इस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि यह रैकेट और भी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसके तार अन्य इलाकों तक फैले हो सकते हैं. आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और छापेमारी की संभावना जताई जा रही है.